Mandla Accident: मध्यप्रदेश। जर्जर पुलिया के चलते मंडला जिले में बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि, शुक्रवार देर रात जिले के बीजाडांडी क्षेत्र में भैंसवाही और टिकराटोला इलाके बीच में एक जर्जर पुलिया है। इसी पुलिया पर बाइक से कुछ लोग निकल रहे थे लेकिन अन्धेरे और तेज रफ्तार के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है।
गंभीर लापरवाही उजागर
लोगों के अनुसार, 'पिछली बारिश में पुलिया टूट गई थी। इसकी न तो बैरिकेडिंग की गई और न ही कोई बोर्ड लगाया गया। पुलिया पर अन्धेरा था इसीलिए रात को कुछ दिखाई भी नहीं दिया। मामले में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विभाग की गंभीर लापरवाही उजागर होती है। पिछली बरसात से अब तक किसी ने भी यहां मरम्मत कार्य नहीं करवाया।'
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
मृतकों की पहचाना, प्रमोद कुमार नरेती, संतलाल उइके, शिवम यादव और गंगाराम उइके के रूप में हुई है। इनकी उम्र 17 से 24 साल की है। रविवार को हादसे की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
कई बार कर चुके शिकायत
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि, पुलिया टूटने की जानकारी कई बार प्रशासन को दी गई। शिकायत भी की लेकिन किसी ने कभी कोई एक्शन नहीं लिया। यह तक दावा किया गया है कि, डायल-181 पर भी मामले की जानकारी दी गई लेकिन किसी ने गौर नहीं किया। ग्रामीण आने-जाने के लिए एक अस्थाई रास्ते का इस्तेमाल करते हैं।










