Bhopal Accident: मध्यप्रदेश। भोपाल-इंदौर हाइवे पर रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। सुबह एक कार निर्माणाधीन ब्रिज के पिलर से टकरा गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई। कार में एक अन्य व्यक्ति भी था जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक एक टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी का संचालक था। उसे सूचना मिली थी कि, उसके फूफा का निधन हो गया है। इसीलिए वह अपने दोस्त के साथ इंदौर के लिए रवाना हो गया था। रास्ते में हुए इस एक्सीडेंट के चलते उसकी मौत हो गई।
मौके पर ही मौत
भोपाल की खजूरी सड़क थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान गौरव सिंह के रूप में हुई है। वह बड़ा कॉलोनी अवधपुरी में रहते थे। दोस्त का नाम लकी बताया गया है। हादसा इतना भीषण था कि, मौके पर ही गौरव की जान चली गई। लकी का हमीदिया अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
4 साल पहले हुई थी शादी
पुलिस मर्म कायम कर जांच कर रही है। चार साल पहले ही गौरव की शादी हुई थी और उसकी फिलहाल कोई संतान नहीं है। अपने दम पर गौरव ने टूर एंड ट्रैवल्स का कारोबार बढ़ाया था। उसके निधन की खबर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
निर्माणाधीन ब्रिज के पिलर से टकरा कर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। परिजनों ने बताया है कि, कंस्ट्रक्शन के चलते सड़क वन-वे की गई थी। सामने से आ रही तेज रफ्तार कार को क्रॉसिंग देते समय बैलेंस बिगड़ा और कार पिलर से टकरा गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लकी और गौरव को अस्पताल में भर्ती किया लेकिन डॉक्टर्स ने गौरव को मृत घोषित कर दिया था।










