Logo
मध्यप्रदेश में हैरी बॉक्सर की सक्रियता बढ़ने से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। इंदौर, भोपाल और खरगोन में करोड़ों की रंगदारी मांगने और फायरिंग की घटनाओं के बाद पुलिस जांच तेज कर दी गई है।

भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुख्यात अपराधी हरि उर्फ ‘हैरी’ बॉक्सर के सक्रिय होने की खबरों ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। कैलिफोर्निया की जेल से रिहा होने के बाद उसने प्रदेश के अशोकनगर, खरगोन, इंदौर और भोपाल सहित कई जगहों पर अपने नेटवर्क को दोबारा मजबूत करना शुरू कर दिया है। उसका निशाना सोना-चांदी के व्यापारी और कारोबारी हैं। इनसे वह करोड़ों की रंगदारी मांग रहा है। इस घटनाक्रम के बाद व्यापारियों में दहशत है। 

खरगोन के ज्वेलर से मांगे 10 करोड़
उसने खरगोन में एक ज्वेलर से करीब 10 करोड़ रुपए की मांग की और जब उसने रकम देने में आनाकानी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। इस घटना के बाद व्यापारी और उसका परिवार काफी भयभीत हो गया। पुलिस ने बताया कि व्यापारी को फोन कॉल करके धमकी दी गई। कॉल करने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर गैंग का सदस्य बताया और मांगी रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। 

इंदौर के व्यापारी से मांगे 15 करोड़
उसने कहा अगर पैसे नहीं मिले तो जान से मार दिया जाएगा। इंदौर में भी एक कारोबारी को करीब 15 करोड़ रुपए की फिरौती के लिए धमकाया गया। कॉल करने वाले ने खुद को लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 15 करोड़ रुपए की मांग की। इस घटना के बाद संबंधित व्यापारी को पुलिस सुरक्षा दी गई, लेकिन यह सुरक्षा कितने समय तक रहेगी, इसे लेकर असमंजस बना हुआ है। व्यापारिक समुदाय में इस बात को लेकर नाराजगी भी है कि ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

कई अन्य लोगों को किए धमकी भरे कॉल
भोपाल और आसपास के क्षेत्र  में भी कुछ कारोबारियों को धमकी भरे कॉल आए हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। साइबर और स्थानीय पुलिस मिलकर कॉल की लोकेशन और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। कुल मिलाकर, इन घटनाओं ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।  

7