Ujjain News: उज्जैन। महाकाल मंदिर (Mahakal Mandir) के पास स्थित बेगमबाग क्षेत्र में एक बार फिर बुलडोजर चला है। अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 16 अवैध इमारतों को जमींदोज किया जा रहा है। करीब आधा दर्जन पोकलेन और बुलडोजर की मदद से यह कार्रवाई की जा रही है। लोअर कोर्ट, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से स्टे समाप्त होने के बाद प्रशासन ने यह अभियान दोबारा शुरू किया है।
मौके पर प्रशासनिक अमला तैनात
कार्रवाई की शुरुआत महाकाल मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार ‘नीलकंठ द्वार’ के पास से की गई। बताया जा रहा है कि उज्जैन विकास प्राधिकरण के आवासीय भूखंडों पर नियमों के विरुद्ध लोगों द्वारा व्यावसायिक उपयोग के लिए अवैध निर्माण किया गया था। मौके पर उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ के साथ करीब 50 पुलिस अधिकारी और जवान, 50 नगर निगम कर्मी तथा प्रशासनिक अमला तैनात है, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।
42 अवैध इमारतों पर हो चुका है एक्शन
जानकारी के अनुसार, प्राधिकरण के 45 आवासीय भूखंडों को नियम विरुद्ध 90 हिस्सों में बांटकर व्यावसायिक निर्माण किया गया था। इससे पहले भी 42 अवैध इमारतों को तोड़ा जा चुका है, और अब शेष पर कार्रवाई जारी है।
बता दें कि, एक हफ्ते पहले सरताज खान, मोहम्मद अनिज, मोहम्मद खान, हिना खाना, ताहेर अली मोहम्मद यूनुस, अब्दुल हामिद, मोहम्मद सलीम, शानवाज खान, वारिस बेग, राज गेस्ट हाउस, न्यू सावन पैलेस होटल, होटल नसीब और होटल डायमंड के संचालक को UDA ने मकान - होटल खाली करने का नोटिस दिया था। नोटिस के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। इसी के चलते मंगलवार सुबह प्रशासनिक टीम बुलडोजर लेकर अवैध निर्माण ध्वस्त करने पहुंची।
देखिए वीडियो









