Logo
हरदा में महिला सब-इंजीनियर ज्योति महोबिया की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। किराए के घर में शव मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। विस्तार से जानने के लिए पढ़िए पूरी खबर।

हरदा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला सब-इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला शहर की सिद्धि विनायक कॉलोनी में किराए के मकान में अकेले रहती थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार सुबह जिला अस्पताल में तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

कुछ माह पहले सुसाइड का प्रयास
मृतका की पहचान पीएचई विभाग में पदस्थ ज्योति महोबिया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले उन्होंने आत्महत्या का प्रयास भी किया था। बताया जा रहा है कि अगस्त 2025 में उन्होंने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उपचार के बाद उनकी जान बचाई जा सकी थी। ज्योति महोबिया मूल रूप से बैतूल जिले के एक गांव की रहने वाली थीं और तलाकशुदा थीं। उनकी सरकारी सेवा में नियुक्ति वर्ष 2014 में हुई थी और वे लंबे समय से हरदा कार्यालय से जुड़ी थीं।

हाल ही में मिली थी स्थाई नियुक्ति
हाल ही में उन्हें स्थायी रूप से हरदा में पदस्थ किया गया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ज्योति शनिवार को अपने गांव से हरदा लौटी थीं। उन्हें छोड़ने उनके भाई आए थे, जो वापस लौट गए थे। इसके बाद रविवार शाम से परिजन उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनका फोन लगातार बंद या रिसीव नहीं हो रहा था। चिंतित परिजनों ने पड़ोसियों से संपर्क किया। जब पड़ोसियों ने घर जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई।

कमरे में अचेत पड़ी मिली ज्योति
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया, जहां ज्योति कमरे के अंदर बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिलीं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शालिनी परस्ते ने बताया कि फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो मौके से साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल पुलिस कमरे की बारीकी से जांच कर रही है। मामले की वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

7