Logo
भेड़ाघाट क्षेत्र में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान प्रसाद खाने से 19 लोग बीमार हो गए थे। इनमें से एक व्यक्ति की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।

Jabalpur Food Poisoning Case: मध्य प्रदेश के जबलपुर में फूड पॉइजनिंग का गंभीर मामला सामने आया है। भेड़ाघाट क्षेत्र में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान प्रसाद खाने से 19 लोग बीमार हो गए थे। इनमें से एक व्यक्ति की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 18 लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। मृतक की पहचान इंद्रपाल पटेल के रूप में हुई है, जो Bhedaghat का निवासी था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

धार्मिक कार्यक्रम में बंटा था प्रसाद
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले भेड़ाघाट में एक धार्मिक आयोजन हुआ था। प्रसाद के रूप में राजस्थान स्वीट्स की पिस्ता बर्फी बांटी गई थी। प्रसाद ग्रहण करने के कुछ ही समय बाद लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते 1 दर्जन से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच में फूड पॉइजनिंग की पुष्टि हुई।

खाद्य विभाग ने लिए सैंपल
घटना के बाद खाद्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भेड़ाघाट चौराहे स्थित बीकानेर स्वीट्स से संदिग्ध मिठाई के सैंपल लिए हैं। जांच के लिए नमूने भोपाल भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि मिठाई में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित दुकान के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

पुलिस भी जांच में जुटी
पुलिस ने भी पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि मिठाई कहां से आई और क्या उसमें किसी प्रकार की लापरवाही हुई थी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी धार्मिक या सामाजिक कार्यक्रम में वितरित खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

5379487