जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन आज सोमवार को जबलपुर में किया जा रहा है। इस कार्यशाला का आयोजन पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत किया जा रहा है। इसका आयोजन भाजपा के संभागीय कार्यालय रानीताल में किया जाएगा। इसमें प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और संगठन से जुड़े पदाधिकारी शामिल होंगे। इस प्रशिक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाना, संगठन की कार्यप्रणाली को समझाना और नेतृत्व क्षमता को विकसित करना है।
कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण
भाजपा द्वारा चलाए जा रहे इस प्रशिक्षण अभियान के तहत मंडल और जिला स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में पार्टी के विचारों, संगठन के सिद्धांतों और कार्यशैली को विस्तार से समझाया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं के लिए अलग-अलग विषयों पर चर्चा और सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें वैचारिक मार्गदर्शन, संगठनात्मक रणनीति, नेतृत्व कौशल और टीमवर्क जैसे विषय शामिल रहते हैं। इसके अलावा योग और संवाद सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
सीएम डॉ. यादव लगभग 12 बजे पहुंचेंगे
सीएम मोहन यादव का भी सोमवार को जबलपुर दौरा तय है। वह सुबह लगभग दोपहर करीब 12:10 बजे रानीताल स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद सीएम 2:30 बजे भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे। प्रशिक्षण अभियान में प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला भी शामिल होने होंगे। वह सुबह लगभग 10:30 बजे रीवा से रवाना होकर जबलपुर पहुंचेंगे। वह करीब 11 बजे भाजपा कार्यालय पहुंचकर वहां आयोजित सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। वह शाम करीब 5 बजे भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।
राव उदय प्रताप, राधा सिंह भी लेंगी हिस्सा
इसी तरह प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह भी लगभग 11 बजे नरसिंहपुर से जबलपुर पहुंचेंगे। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह भी इस प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित रहेंगी। वह कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगी और शाम को भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगी। इस संभागीय प्रशिक्षण कार्यशाला में भाग लेने के लिए जबलपुर, रीवा, शहडोल और छिंदवाड़ा संभाग के 19 जिलों से करीब 400 से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे पंजीयन से होगी।










