Logo
इंदौर में आज से 43 साल बाद राष्ट्रीय सीनियर टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन शुरू हो रहा है। 32 राज्यों के 400 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और कुल 20 लाख रुपए की इनामी राशि के लिए मुकाबला करेंगे।

इंदौर। शहर में आज से शुरू हो रही राष्ट्रीय सीनियर टेबल टेनिस चैंपियनशिप में देशभर के प्रमुख खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि राष्ट्रीय सीनियर टेबल टेनिस प्रतियोगिता शहर में 43 साल के बाद आयोजित की जा रही है। इस टूर्नामेंट का आयोजन भारतीय टेबल टेनिस महासंघ के निर्देशन में मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन द्वारा किया जा रहा है। स्पर्धा 14 मार्च से 21 मार्च तक स्थानीय बहुउद्देशीय खेल परिसर अभय प्रशाल में खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को कुल 20 लाख रुपए की नगद इनामी राशि प्रदान की जाएगी। 

कुल सात वर्गों में होगी यह प्रतियोगिता  
आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम सोनी और स्पर्धा सचिव  जयेश आचार्य ने बताया कि पिछली बार यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता इंदौर में 1983 में हुई थी। अब इतने वर्षों बाद शहर में फिर से यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता का प्रारूप टीम और व्यक्तिगत मुकाबलों का मिश्रण होगा। 14 से 17 मार्च तक टीम मुकाबले होंगे जबकि, 16 से 21 मार्च तक एकल और युगल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। पुरुष और महिला टीमों के साथ-साथ पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल में कुल सात वर्गों में प्रतियोगिता होगी।

32 राज्यों की टीमें ले रही हैं हिस्सा
खेलकूद का मंच स्टेग रोमा में 21 टेबलों पर सजा होगा। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 32 राज्यों के 400 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके अलावा अतिरिक्त 500 खिलाड़ियों की प्रविष्टियां भी प्राप्त हुई हैं। कुल मिलाकर इस आयोजन में लगभग 900 खिलाड़ी और 50 से अधिक अधिकारी जुड़ेंगे। प्रत्येक राज्य की टीम में पांच पुरुष, पांच महिला खिलाड़ी, प्रबंधक और प्रशिक्षक सहित कुल 12 सदस्य होंगे। इस प्रतियोगिता में कई राष्ट्रीय विजेता खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। 

कई प्रमुख खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में मानुष शाह, पायस जैन, अंकुर भट्टाचार्जी, हरमीत देसाई, मानव ठक्कर, एफआर स्नेहित, रोनित भान्जा, सनिल शेट्टी, अमलराज, दीया चितले, श्रीजा अकुला, सिंड्रेला दास, सुर्तीथा मुखर्जी, स्वस्तिका घोष, यशस्विनी घोरपोड़े, तनिषा कोटेचा, मधुरिका पाटकर, मौमा दास, पोयमंती वैष्य, अहिका मुखर्जी और अनुषा कुटुंबले शामिल हैं। इनामी राशि को लेकर सचिव जयेश आचार्य ने बताया कि कुल 20 लाख 10 हजार आठ सौ रुपए की पुरस्कार राशि रखी गई है। 

विजेता को मिलेंगे 3.52 लाख रुपए
उन्होंने बताया कि पुरुष और महिला एकल विजेताओं को समान रूप से तीन लाख 52 हजार रुपए नगद दिए जाएंगे। इसके अलावा, एकल वर्ग में प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों को भी इनामी राशि दी जाएगी। युगल और मिश्रित युगल में विजेता, उपविजेता और सेमीफाइनल में पहुंचे खिलाड़ियों को भी पुरस्कार राशि दी जाएगी। इस प्रकार इंदौर में होने वाली यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धा का बड़ा अवसर और दर्शकों के लिए रोमांचक खेल देखने का अनुभव प्रदान करेगी।

5379487