Logo
मंडला के बम्होरी गांव में तेज रफ्तार डंपर ने ढाई साल की बच्ची को कुचल दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।

Mandla News: मध्यप्रदेश। मंडला में शुक्रवार को एक डंपर ने ढाई साल की मासूम को कुचल दिया। बताया जा रहा है कि, हादसा इतना भीषण था कि, बच्ची का शव सड़क से चिपक गया। मां और बच्ची के परिजनों ने अपने हाथों से शव को पॉलीथिन बैग में भरा। बच्ची के खून के छींटे स्कूल की दीवार पर भी थे।

तेज रफ्तार डंपर ने ली मासूम की जान
जानकारी के अनुसार, डंपर चालक बच्ची को कुचलने के बाद मौके से फरार हो गया था। लोगों ने सात किलोमीटर तक वाहन चालक का पीछा किया और उसे पकड़ा। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के बम्होरी गांव का है। यहां आंगनबाड़ी सहायिका बच्चों को लेकर जा रही थी। उसकी गोद में एक बच्चा था और एक हाथ से उसने बच्ची का हाथ पकड़ रखा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर आया और कुछ ही सेकंड में बच्ची को कुचल के आगे बढ़ गया। 

बच्ची का शव देख टूट गई मां
मृतक बच्ची का नाम आकृति यादव है। हादसा इतना हृदय विदारक था कि, उसका शव सड़क पर चिपक गया और खून के छींटे स्कूल की दीवार पर जा लगे। हादसे के बाद चारों ओर चीख-पुकार मच गई। मां ने बच्ची का शव देखा तो पूरी तरह टूट गई। शव को पॉलिथीन बैग में भरते हुए मां और परिजन फूंट-फूंट कर रोए। इस मंजर को देख हर कोई सहम गया।

आरोपी पुलिस की हिरासत में
हादसे की सूचना मिलने पर ग्रामीण भी इकठ्ठा हुए। कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाए।  बहरहाल आरोपी चालक को ग्रामीणों ने तिंदनी टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया। पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। बच्ची की मौत के बाद ग्रामीण इतना आक्रोशित हैं कि, निवास-मंडला रोड जाम कर प्रदर्शन भी किया। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है।

5379487