Logo
इंदौर एयरपोर्ट से शारजाह के लिए उड़ान का शेड्यूल बदल गया है। 29 मार्च से यह फ्लाइट हफ्ते में सिर्फ 4 दिन संचालित होगी। खाली दिनों में बैंकॉक के लिए नई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

इंदौर। देवी अहिल्या बाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट इंदौर से संचालित होने वाली एकमात्र अंतरराष्ट्रीय उड़ान के शेड्यूल में बदलाव किया जाएगा। एयरलाइन एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने आगामी समर शेड्यूल में इंदौर और शारजाह के बीच उड़ान की आवृत्ति कम करने का निर्णय लिया है। 29 मार्च से लागू होने वाले इस नए कार्यक्रम के तहत यह फ्लाइट सप्ताह में सात दिनों के बजाय केवल चार दिन ही संचालित होगी। कंपनी ने अपने आधिकारिक बुकिंग प्लेटफॉर्म पर इस बदलाव के अनुसार टिकट उपलब्ध कराना भी शुरू कर दिया है।

मंगलवार, गुरुवार शनिवार को नहीं होंगी उड़ानें
नए शेड्यूल के अनुसार अब यह सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को ही उपलब्ध रहेगी। इसके विपरीत मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को इस मार्ग पर कोई फ्लाइट नहीं होगी। इससे पहले सर्दियों के शेड्यूल में यह सेवा अधिक नियमित रूप से संचालित की जा रही थी, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिल रही थी। अब उड़ानों की संख्या कम होने से खासकर खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही फ्लाइट के समय में भी मामूली बदलाव किया गया है। 
 
3.30 घंटे में इंदौर से शारजार पहुंचेग विमान
बदले समय के अनुसार इंदौर से यह विमान सुबह लगभग 10:25 बजे रवाना होगा और करीब तीन घंटे पंद्रह मिनट की यात्रा के बाद यूएई के स्थानीय समयानुसार 12.10 बजे शारजाह पहुंचेगा। वापसी की उड़ान दोपहर करीब 1:10 बजे शारजाह से उड़ान भरेगी और भारतीय समयानुसार शाम लगभग 6:10 बजे इंदौर पहुंचेगी। सफर का समय 3.30 घंटे होगा। पहले की तुलना में यह उड़ान लगभग 35 से 40 मिनट देरी से संचालित होगी। इसके पीछे कई कारण हैं। गर्मियों के मौसम में संयुक्त अरब अमीरात में बहुत गर्मी पड़ती है, जिसके कारण पर्यटन गतिविधियां काफी घट जाती हैं। 

बैंकॉक के लिए शुरु हो सकती है सीधी उड़ान  
इस वजह से गर्मी का समय वहां पर्यटन के लिहाज से ऑफ-सीजन माना जाता है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव ने भी उड़ानों के संचालन पर असर डाला है। इसी बीच यह भी चर्चा है कि जिन तीन दिनों में शारजाह की उड़ान नहीं होगी, उन दिनों में किसी अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्य के लिए सेवा शुरू की जा सकती है। ट्रैवल एजेंट्स के अनुसार एयरलाइन बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू करने के विकल्प पर विचार कर रही है। यदि ऐसा होता है तो इंदौर से यात्रियों को दो अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए सीधी उड़ानें मिल सकती हैं। 

थाईलैंड जाने वाले यात्रियों को होगी आसानी
इससे थाईलैंड जाने वाले यात्रियों को बड़ा लाभ होगा, क्योंकि उन्हें दिल्ली या मुंबई जैसे शहरों के माध्यम से यात्रा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। फिलहाल यह उड़ान कुछ समय से बाधित भी रही है। अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के कारण फरवरी के अंत से कई उड़ानों को अस्थायी रूप से रद्द करना पड़ा था। ऐसे में नए शेड्यूल के साथ एयरलाइन भविष्य की मांग और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपने संचालन को संतुलित करने की कोशिश कर रही है।

5379487