इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ के व्यवहार को लेकर विवाद सामने आया है। एक यात्री ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि चेक-इन के दौरान महिला स्टाफ ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

 इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ के व्यवहार को लेकर एक यात्री ने सोशल मीडिया पर गंभीर नाराजगी जताई है। यात्री ने आरोप लगाया है कि  विमानन कंपनी की महिला ग्राउंड स्टाफ ने उनके साथ बदसलूकी की है।

उसने सामान्य पूछताछ के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें यू शटअप कह दिया। इस घटना के सामने आने के बाद एयरलाइन प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यात्री संदीप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी शिकायत साझा करते हुए पूरे घटनाक्रम का विवरण दिया है। 

चेक इन के दौरान की गई बदसलूकी
संदीप ने बताया कि एयरपोर्ट पर मौजूद क्रू मेंबर ने उन्हें चेक-इन प्रक्रिया के लिए 13वीं लाइन में जाने के लिए कहा। जब वे बताए गए काउंटर पर पहुंचे तो वहां मौजूद महिला ग्राउंड स्टाफ ने उनका काम करने से मना कर दिया।

यात्री का कहना है कि जब उन्होंने इस बारे में पूछताछ की तो स्टाफ ने उनसे रूखे तरीके से बात की और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। यात्री ने पोस्ट में कहा कि एयरलाइन स्टाफ का यह व्यवहार बेहद खराब और अस्वीकार्य था। उन्होंने इस घटना को लेकर एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन से कार्रवाई की मांग की है। 

इंडिगो ने कहा उचित कार्रवाई की जाएगी
अपनी शिकायत में उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, इंडिगो और इंदौर एयरपोर्ट प्रशासन को टैग करते हुए पूरे मामले की जानकारी दी, ताकि इस पर उचित कार्रवाई की जा सके। सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद इंडिगो एयरलाइन ने भी प्रतिक्रिया की है। एयरलाइन ने कहा है कि यात्री के अनुभव के बारे में जानकर उन्हें चिंता हुई है।

कंपनी के अनुसार इस तरह का व्यवहार उनके सेवा मानकों के अनुरूप नहीं है। इंडिगो ने कहा मामले की गंभीरता से जांच होगी और टीम को जरूरी फीडबैक दिया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। एयरपोर्ट प्रबंधन ने भी कहा कि मामले की जांच की जाएगी और एयरलाइन से बातचीत कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। 

शारजाह-इंदौर उड़ान 31 मार्च तक निरस्त 
इधर इंदौर से शारजाह जाने वाले यात्रियों के लिए भी एक अहम अपडेट सामने आया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह-इंदौर-शारजाह फ्लाइट फिलहाल 31 मार्च तक के लिए निरस्त कर दी गई है। यह उड़ान 28 फरवरी से ही बंद चल रही थी और अब कंपनी ने 31 मार्च तक की सभी फ्लाइट्स को अपने बुकिंग सिस्टम से हटा दिया है।

एयरलाइन की वेबसाइट पर फिलहाल 1 अप्रैल से इस रूट की बुकिंग दिखाई दे रही है। 1 अप्रैल से शुरू होने वाली पहली फ्लाइट का किराया लगभग 21,879 रुपए बताया जा रहा है। इससे पहले की सभी उड़ानें सिस्टम में रद्द दिख रही हैं।