Gwalior News: मध्यप्रदेश। ग्वालियर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक व्यापारी के घर भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि, जिस समय घर में आग लगी तब परिवार के 6 लोग घर के अंदर मौजूद थे। जैसे-तैसे पांच लोगों को बचाया गया लेकिन परिवार की बहु बुरी तरह झुलस गई। रिपोर्ट्स के अनुसार उसकी मौत हो गई।
घर में आग लगने की यह घटना रविवार शाम की है। सूचना मिलने पर पुलिस दमकल की टीम मौके पर पहुंची। घर अंदर से बंद था। दमकल की टीम घर की खिड़की तोड़कर अंदर घुसी।
गंभीर रूप से झुलस गई थी अंकिता
व्यापारी के घर में लगी आग इतनी भीषण थी की दूर से आग की लपटें देखी जा सकती थी। मृतक महिला की पहचान अंकिता अग्रवाल के रूप में हुई है। वह गंभीर रूप से झुलस गई थी। टीम द्वारा उसे घर से निकालकर अस्पताल में भर्ती किया गया लेकिन डॉक्टर्स ने उसे ओपोलो हॉस्पिटल रेफर किया। अंकिता को बचाया नहीं जा सकता उसने दम तोड़ दिया।
विधायक और मंत्री मौके पर पहुंचे
जानकारी के अनुसार घर में व्यापारी परिवार के तीन भाई रहते थे। जब आग लगी तब सभी घर में ही मौजूद थे। आग लगती देख पड़ोसियों ने दमकल की टीम बुलवाई और आग बुझाने में मदद की। क्षेत्रीय विधायक सतीश सिकरवार और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे।
आग बुझाने में लगीं दस गाड़ियां
दमकल की दस गाड़ियां और टैंकर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। काफी हद तक आग बुझा दी गई है। आग कैसे लगी फिलहाल इस बात की जानकारी सामने नहीं आई है। व्यापारी का परिवार भी अभी कुछ कहने की स्थिति में नहीं है।










