haribhoomi hindi news
मध्य प्रदेश के डिंडौरी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जब टायर बदलते समय तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। जानिए कैसे हुआ हादसा और क्या है पूरा मामला।

डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। जबलपुर-अमरकंटक हाईवे पर किकरा तालाब के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना इतनी भयावह थी कि मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने बताया कैसे हुआ हादसा  
परसवाह, करबे मट्ठा और उफरी गांव के कुछ लोग सिलयारी गांव से एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। वे पिकअप वाहन में सवार थे और देर रात अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया। ड्राइवर ने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदलना शुरू किया, जबकि अन्य लोग पास में खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। इसी बीच अमरकंटक की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े लोगों को चपेट में ले लिया।  

टक्कर से कई फीट दूर जा गिरे लोग 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कुछ लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे। घटनास्थल पर ही 5 लोगों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।  डॉक्टरों ने उसकी तबीयत स्थिर बताई है। 

मृतकों में एक ही परिवार के सदस्य 
इस दुर्घटना की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य थे। सभी लोग आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और अलग-अलग गांवों से कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। मृतकों में राजकरण वनवासी (35), निवासी परसवाह, बिहारी (50), निवासी करबे मट्ठा, बिहारी का 32 वर्षीय बेटा पवन मरावी (35), निवासी परसवाह बिसाहू धुर्वे (58), निवासी उफरी शामिल हैं। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हादसे की वजह ट्रक चालक की लापरवाही
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर ट्रक चालक की लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।  

7