NDA Exam 2026: रविवार को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), नौसेना अकादमी (NS) और संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) की परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष बनाने के लिए फेस ऑथेंटिकेशन और मेटल डिटेक्टर जैसी व्यवस्था की गई है। समय से एंट्री के नियम को भी सख्ती से लागू किया जा रहा है। ऐसे में भोपाल के परीक्षा सेंटर में गेट 9 बजकर 30 मिनट पर बंद कर दिए गए। दो-तीन मिनट देरी से आने वाले अभ्यर्थियों को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। यह खबर भी सामने आई है कि, कुछ सेंटर में सर्वर डाउन के कारण छात्रों का फेस ऑथेंटिकेशन नहीं हो पाया।
सभी परीक्षा केंद्रों में फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम की व्यवस्था की गई है। हालांकि राजधानी भोपाल के शासकीय नवीन हायर सेकंडरी स्कूल, अरेरा कॉलोनी के इंचार्ज द्वारा बताया गया कि, सर्वर डाउन के कारण फेस ऑथेंटिकेशन नहीं हो पाया।
परिजन गेट खोलने ले किये लगा रहे थे गुहार
इधर जिन अभ्यर्थियों को परीक्षा देने का अवसर नहीं मिला उनके परिजन गेट खोलने की गुहार लगाते रहे। एक व्यक्ति अपनी बहन को सीहोर से परीक्षा दिलवाने लाया था। ठीक 9:30 पर गेट बंद कर दिया गया। हालांकि इस व्यक्ति का कहना था कि, वे अपनी बहन के साथ 9:27 बजे पहुंच गया था लेकिन फिर भी उसे एंट्री नहीं दी गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार करीब 10 अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से लौट गए। इनके परिजनों ने आरोप लगाया कि, किसी भी अधिकारी द्वारा उनकी बात नहीं सुनी गई।
बता दें कि, भोपाल, इंदौर समेत ग्वालियर में परीक्षा आयोजित की जा रही है। भोपाल में 12 केंद्र बनाए गए हैं। इंदौर में 13 और ग्वालियर में 7 केंद्र बनाए गए हैं। तीनों शहरों में 17 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए हैं।
(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)










