रायपुर। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के पेश होने के पहले प्रदेश में भाजपा ने नारी शक्ति वंदन पर कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं। सबसे बड़ा कार्यक्रम राजधानी रायपुर में 15 अप्रैल को आयोजित किया गया है। इसी के साथ 15 और 16 अप्रैल को नारी शक्ति पदयात्रा की जाएगी।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नारी शक्ति वंदन बिल के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा, यह बिल महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया, नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। इसके तहत देश 15 प्रमुख स्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसमें से छत्तीसगढ़ में रायपुर के पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में 15 अप्रैल को कार्यक्रम होगा।
महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा द्वारा बाइक रैली की निकाली जाएगी
11 से 16 अप्रैल तक संभाग स्तर पर नारी शक्ति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें सामाजिक संगठनों महिला आयोग, अनुसूचित जाति एवं जन जाति आयोग की सक्रिय भूमिका होगी। इस कार्यक्रम में स्थानीय महिला जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति होगी। 15 और 16 अप्रैल को नारीशक्ति पदयात्रा की जाएगी। प्रत्येक पदयात्रा का प्रभारी भाजपा की महिला सांसद, विधायक एवं पदाधिकारियों को बनाया जाएगा एवं पदयात्रा का नेतृत्व प्रतिष्ठित सामाजिक सेलेब्रिटी महिला से करवाया जाएगा। राजवाड़े ने कहा, इसके साथ ही महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा द्वारा बाइक रैली की जाएगी।
33 प्रतिशत आरक्षण देना महिलाओं का सम्मान : सरोज
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं को केवल वोट बैंक के तौर पर तमाम राजनीतिक दलों ने देखा, लेकिन उनका अधिकार किसी ने नहीं दिया। देश की आधी आबादी को उनका अधिकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है एवं सबके विकास में महिलाओं को भी जोड़ा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पाण्डेय ने कहा, लोकतंत्र में महिलाओं को विधानसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत का आरक्षण दिया जाएगा। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारीत्व का जो सम्मान किया है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









