अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ का जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। फॉरेस्ट विभाग में सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ वीरेंद्र कुमार ठाकुर से अज्ञात जालसाजों ने 2 लाख 33 हजार रुपये की ठगी कर ली।
शाम को आया अज्ञात नंबर से कॉल
मिली जानकारी के अनुसार, तिलडेगा निवासी वीरेंद्र कुमार ठाकुर का खाता भारतीय स्टेट बैंक की पत्थलगांव शाखा में संचालित है, जो उनके मोबाइल नंबर से लिंक है। वे योनो एसबीआई ऐप का भी उपयोग करते हैं। 10 अप्रैल की शाम एक अज्ञात नंबर से कॉल कर जालसाजों ने योनो ऐप चालू करने के नाम पर उन्हें झांसा दिया।
जशपुर जिले में फॉरेस्ट विभाग के कर्मचारी से योनो एसबीआई ऐप के नाम पर जालसाजों ने 2.33 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। @JashpurDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/mmTam8ZXCF
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 12, 2026
आरोपियों ने करवाया ऐप डाउनलोड
इसके बाद शनिवार सुबह करीब 8 बजे फिर से कॉल कर आरोपियों ने उन्हें एक ऐप डाउनलोड करवाया और वीडियो कॉल के जरिए पूरी प्रक्रिया करवाई। इसी दौरान जालसाजों ने उनके खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन में 79,511 रुपये, 80,111 रुपये और 73,600 रुपये निकाल लिए।
ठगी का शिकार हुए पीड़ित
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित ने बताया कि, उन्होंने अपने भाई की शादी के लिए एक-एक रुपये जोड़कर यह रकम जमा की थी। ठगी की इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द रकम की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।









