राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के मुख्यालय से गुजरने वाले NH-930 पर रविवार को जनाक्रोश खुलकर सामने आया। दरअसल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षद सड़क पर धरने पर बैठ गए। चिलचिलाती धूप के बीच जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
जलभराव की समस्या से लोग परेशान
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से स्थानीय बस स्टैंड में जलभराव की समस्या ने व्यापारियों और आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण के दो साल बाद भी बस स्टैंड के पास ड्रेनेज सिस्टम और नाली निर्माण सही तरीके से नहीं किया गया, जिसके कारण थोड़ी सी बारिश में ही पानी भर जाता है। लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी थी, जो आज आंदोलन के रूप में सामने आई।
बालोद जिले में NH-930 पर जलभराव की समस्या को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी और पार्षदों ने चक्काजाम कर धरना दिया। @BalodDistrict #Chhattisgarh pic.twitter.com/WkLw9MjcyE
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 12, 2026
जिम्मेदार अधिकारीयों पर कार्रवाई की मांग
धरने पर बैठे जनप्रतिनिधियों ने NH विभाग के अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि, जब तक ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त नहीं किया जाता और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन से यातायात पूरी तरह ठप
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर NH विभाग के अधिकारी, स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल पहुंचा और आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और भीषण गर्मी के बावजूद धरना जारी रखे हुए हैं। इस आंदोलन के चलते NH-930 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।








