भोपाल। प्रदेश की राजधानी में शनिवार शाम मुख्यमंत्री आवास पर एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने हिस्सा लिया। आधे घंटे से अधिक चली इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में पार्टी के भीतर आपसी समन्वय बनाए रखने और संगठनात्मक मामलों पर विचार-विमर्श किया गया।
नेतृत्व के बीच तालमेल पर जोर
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की दिशा में पहल की। पार्टी के भीतर किसी भी तरह के मतभेद की स्थिति न बने, इसे लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस मुलाकात को आगामी रणनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
नियुक्तियों-संगठनात्मक ढांचे पर चर्चा
बैठक के दौरान विभिन्न बोर्ड और निगमों में लंबित नियुक्तियों को लेकर भी बातचीत हुई। इसके साथ ही पार्टी संगठन में कोर कमेटी समेत अन्य पदों पर नियुक्तियों को लेकर विचार किया गया। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इन पदों पर निर्णय लिया जा सकता है।
कृषि सम्मेलन की तैयारी पर मंथन
बैठक में रायसेन जिले में प्रस्तावित एक बड़े कृषि सम्मेलन को लेकर भी चर्चा की गई। यह आयोजन केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में किए जाने की योजना है। सम्मेलन के जरिए किसानों से जुड़ी योजनाओं और नीतियों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने की योजना है।
बैठक में सामाजिक मुद्दों पर फोकस
इधर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी भोपाल में एक समन्वय बैठक आयोजित की। इसमें संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के उत्थान पर विशेष चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न समुदायों के सामाजिक और आर्थिक विकास पर विचार किया गया। इन वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कार्य योजना तैयार की गई।










