Road Accident: दिल्ली-आगरा हाईवे से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां वाईएमसीए चौक के पास एक बस और ट्रक में टक्कर हो गई। इससे बस में सवार 8 लोग घायल हो गए। बस बल्लभगढ़ डिपो से दिल्ली अंतरजातीय बस अड्डा के लिए जा रही थी। यह हादसा शनिवार देर रात को हुआ था। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मौके मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रक की स्पीड काफी तेज थी और वह डिवाइडर को तोड़कर दूसरी लेन में घुस गया था। इसके बाद उसने बस में सामने से टक्कर मार दी और टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बस के अगले हिस्से में बैठे लोग को गंभीर चोटें आईं और वह घायल हो गए। इसके बाद हादसे की सूचना पुलिस को दी गई और सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस प्रशासन ने तुरंत क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया और घायल लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में करीब 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बसों में बिठालकर दिल्ली के रवाना कर दिया गया।
हादसा होने के बाद हाइवे पर कड़ा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। बस में सवार यात्रियों का आरोप है कि ट्रक चालक नशे की हालत में था, जिस वजह से यह हादसा हुआ। वहीं पुलिस का इस पूरे मामले पर कहना है कि चिकित्सकीय के जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। ऐसा बताया जा रहा है कि इस हादसे में ट्रक चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ इसकी जांच की जा रही है, जिसके तहत तकनीकी और लापरवाही दोनों पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। वहीं इस पूरे मामले पर पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फिलहाल किसी की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










