Logo
भोपाल में ईडी की बड़ी कार्रवाई में जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के डायरेक्टर किशन मोदी को फर्जी लैब रिपोर्ट के जरिए डेयरी उत्पादों के निर्यात और करोड़ों की कमाई के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जानिए पूरा मामला और जांच से जुड़े अहम तथ्य।

भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर किशन मोदी को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर आरोप है कि कंपनी ने डेयरी उत्पादों के निर्यात में फर्जी लैब परीक्षण रिपोर्ट का इस्तेमाल किया। बता दें कि जब कोई कंपनी खाद्य उत्पादों का निर्यात करती है, तो उसे यह साबित करना अनिवार्य होता है कि उसके उत्पाद गुणवत्ता और सुरक्षा के निर्धारित मानकों पर पूरी तरह खरे उतरते हैं और उपभोग के लिए सुरक्षित हैं।

नकली जांच रिपोर्ट का प्रयोग किया
इस प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के लिए निर्यात किए जाने वाले उत्पादों की जांच अधिकृत प्रयोगशालाओं में कराई जाती है और उनकी प्रमाणित परीक्षण रिपोर्ट लगाई जाती है। आरोप है कि किशन मोदी की कंपनी ने निर्यात के दौरान असली जांच रिपोर्ट के बजाय नकली दस्तावेजों का उपयोग किया। इस फर्जीवाड़े के जरिए कंपनी ने लगभग ₹20.59 करोड़ की विदेशी मुद्रा अर्जित की। यानी उत्पादों को गलत तरीके से सुरक्षित और मानकों के अनुरूप दिखाकर विदेशों में बेचा गया और उससे अच्छी-खासी कमाई की गई।

कोर्ट ने 18 मार्च तक रिमांड पर दिया
इस मामले में कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आरोपी को गिरफ्तार कर भोपाल की विशेष अदालत में पेश किया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 18 मार्च तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया है, ताकि उससे विस्तार से पूछताछ की जा सके और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी सामने लाई जा सके। उल्लेखनीय है कि ईडी इस मामले की जांच पहले से दर्ज एफआईआर के आधार पर कर रही थी। ईडी ने इससे पहले भी कंपनी के ठिकानों पर छापा मारा था, जिससे इस पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है।

7