Logo
प्रदेश में एलपीजी संकट के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई दोबारा शुरू हो गई है, जिससे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को राहत मिली है।

भोपाल। खाड़ी संकट की वजह से पैदा रसोई गैस संकट ने घरेलू उपभोक्ताओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को परेशानी में डाल दिया था। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक संस्थान एलपीजी सिलेंडर की कमी से बुरी तरह से प्रभावित हो रहे थे। हालांकि अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती दिखाई दे रही है। कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई दोबारा शुरू कर दी गई है, जिससे कारोबार से जुड़े लोगों को काफी राहत मिली है। प्रशासन ने कहा है कि गैस की आपूर्ति में कोई परेशानी नहीं है। आने वाले दिनों में गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

राजधानी में बढ़ी गैस की बुकिंग
राजधानी में रविवार को बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग दर्ज की गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, एक ही दिन में करीब 14 हजार घरेलू सिलेंडरों के लिए उपभोक्ताओं ने बुकिंग कराई। इससे यह साफ है कि शहर में गैस की मांग काफी ज्यादा बनी हुई है। लोगों ने अग्रिम रूप से सिलेंडर बुक कराकर यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिन्हें जरूरत नहीं है, वे भी एहतियातन गैस बुक करा रहे हैं। 

सप्लाई की रफ्तार में भी आई तेजी
गैस वितरण एजेंसियों के अनुसार, मांग को देखते हुए सप्लाई की रफ्तार बढ़ाई गई है। शनिवार को ही करीब 11 हजार सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचाए गए थे। वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द गैस उपलब्ध कराई जा सके। ताकि गैस आपूर्ति से जुड़ी आशंकाएं खत्म हो सकें। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में सप्लाई और बेहतर होने की उम्मीद है। इस लिए लोक परेशान नहीं हों।  

 प्रदेश के प्रमुख शहरों में स्थिति सुधरी 
भोपाल के साथ-साथ इंदौर और ग्वालियर जैसे प्रमुख शहरों में भी गैस आपूर्ति में सुधार देखा जा रहा है। पहले जहां इन शहरों में उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में देरी हो रही थी, लोग एजेंसियों के बाहर लाइन लगाए दिखाई दे रहे थे। वहीं, अब वितरण धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होती नजर आ रही है। गैस का वितरण होते देखकर घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यावसायिक उपयोगकर्ताओं को भी राहत मिली है।

सरकार की समिति रख रही स्थिति  पर नजर
स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए राज्य सरकार की एक मंत्रिमंडलीय समिति लगातार निगरानी कर रही है। यह समिति गैस की उपलब्धता, सप्लाई और वितरण व्यवस्था की नियमित समीक्षा कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। एलपीजी की सप्लाई फिर से शुरू होने से बाजार और आम उपभोक्ताओं दोनों को राहत मिली है। यदि सप्लाई इसी तरह जारी रही, तो आने वाले दिनों में गैस संकट पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।

7