Logo
मौदहापारा थाना क्षेत्र में बदमाशों के दो गुट आपसी रंजिश के चलते जमकर हंगामा करते हुए एक-दूसरे पर पथराव किए। 

रायपुर। मौदहापारा थाना क्षेत्र में बदमाशों के दो गुट आपसी रंजिश के चलते जमकर हंगामा करते हुए एक-दूसरे पर पथराव किए, साथ ही चाकू और तलवार से हमला कर दिया। घटना में तीन लोगों को चोटें आई हैं। घटना के बाद मरहीमाता मंदिर में पथराव होने से तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करते हुए, किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने पुलिस बल की तैनाती की है। बताया जा रहा है, बलवाइयों ने मंदिर के सामने फूल बेचने वाली महिलाओं एवं बच्चों की पिटाई की है। मौदहापारा थाना क्षेत्र में रवि रक्सेल, अभय रक्सेल तथा उसके अन्य साथियों ने मो. अल्ताफ और राशिद अली के साथ मारपीट कर उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद रवि तथा उसके साथी मरहीमाता मंदिर में जाकर छिप गए। चाकूबाजी की जानकारी मिलने के बाद मौदहापारा के रहवासियों ने रवि तथा उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के सामने प्रदर्शन किया। 

अप्रिय स्थिति से निपटने पुलिस बल तैनात
घटना के बाद रवि रक्सेल तथा उसके साथी फरार हो गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस बदमाशों के छिपने के संभावित ठिकानों पर छापे की कार्रवाई कर रही है। साथ ही किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने मंदिर तथा आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

बजरंग दल के कार्यकर्ता थाना पहुंचे
मंदिर में पथराव किए जाने की जानकारी मिलने के बाद भारी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता मंदिर में पथराव करने वालों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए थाने का घेराव किए। बजरंग दल के जिला अध्यक्ष योगेश सिंह सैनी के अनुसार, आपसी लड़ाई को एक वर्ग जानबूझकर सांप्रदायिक रंग देने की साजिश कर मंदिर में पथराव किया है, जिसका वे विरोध करते हैं।

तलवार लहराने का वीडियो वायरल
भीड़ छंटने के बाद रक्सैल गैंग के लोगों द्वारा खुलेआम तलवार लहराने का वीडियो सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, दो वर्ष पूर्व मौदहापारा मस्जिद के पास अल्ताफ और राशिद ने रवि तथा अभय के साथ विवाद होने पर मारपीट कर चाकू से हमला किया था। केस का खात्मा होने के बाद अल्ताफ और राशिद, रवि तथा अभय को देखकर हंसते और चिढ़ाते थे। इससे नाराज होकर रवि तथा उसके साथियों ने अल्ताफ और राशिद के साथ मारपीट कर उन पर चाकू से हमला कर दिया।

एमएलसी कराने ले जाते पत्थरबाजी
पुलिस की टीम अल्ताफ तथा राशिद को एमएलसी कराने आंबेडकर अस्पताल ले जा रही थी। इस दौरान अल्ताफ तथा राशिद के साथी बड़ी संख्या में आंबेडकर अस्पताल साथ जाने लगे। इस दौरान अल्ताफ और उसके साथियों को रवि तथा उसके साथियों के मरहीमाता मंदिर में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद 30-40 लोग मरहीमाता मंदिर पहुंच गए और पत्थरबाजी करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डीसीपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को तितर-बितर किया।

गांजा कारोबार पर कब्जे का विवाद बदमाश भिड़े, जमकर चले चाक
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधीनगर में नशे के सौदागरों के गुर्गों के बीच रविवार को जमकर चाकू, लात घूंसे चले। बदमाशों ने दो मकानों में जमकर तोड़फोड़ की। मारपीट, चाकूबाजी, तोड़फोड़ करने के आरोप में तीन बदमाशों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। जेल में बंद मुकेश बनिया तथा रवि साहू के गुर्गे मोहित निहाल तथा अभिषेक सोनी के बीच गांजा बिक्री की बात को लेकर लंबे अरसे से विवाद चल रहा है। घटना दिनांक को अभिषेक अपने भाई के साथ अपने घर के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान विक्रम बघेल, अभिषेक गुप्ता, अभिषेक बघेल उर्फ जादू, मोहित निहाल एवं उनके अन्य साथी मौके पर पहुंचे और अभिषेक के साथ गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद दोनों पक्ष एक दूसरे के साथ भिड़ गए। दोनों पक्षों के बदमाशों ने एक दूसरे के साथ मारपीट करते हुए एक दूसरे पर चाकू से हमला किया। चाकूबाजी में अभिषेक तथा उसके साथी समीर बघेल की बहन गुड्डी बघेल को चोटें आई हैं।

रवि साहू को जगदलपुर जेल शिफ्ट किया गया
रायपुर सेंट्रल जेल में सजा काट रहा रवि साहू जेल के अंदर से गांजा तस्करी का रैकेट संचालित कर रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस की रिपोर्ट पर जेल प्रशासन ने रवि को जगदलपुर सेंट्रल जेल शिफ्ट कर दिया है। बताया जा रहा है, रायपुर सेंट्रल जेल में परिजन रवि से मिलने जाने के दौरान उसे चोरी छिपे मादक पदार्थ पहुंचाने का काम करते थे। साथ ही रवि के दिए दिशा निर्देश के आधार पर उसके गुर्गे क्षेत्र में नशे का कारोबार कर रहे थे।

मुखबिरी की आशंका पर भिड़े बदमाश 
रवि साहू को सजा होने पर मुकेश बनिया तथा उसके गुर्गे काफी खुश थे। उन्हें लग रहा था कि रायपुर तथा आसपास के क्षेत्र में गांजा बिक्री करने उनका एकछत्र राज रहेगा। पुराने एनडीपीएस के एक मामले में मुकेश बनिया फरार चल रहा था। पतासाजी करने के दौरान मुकेश और उसका भाई पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मुकेश के गुर्गों को रवि के गुर्गों पर मुखबिरी करने की आशंका थी। इस बात को लेकर दोनों गुट के बीच विवाद और बढ़ गया। इसी विवाद के चलते दोनों गुट के बदमाश आपस में भिड़ गए। 

बदमाशों ने की एक दूसरे के घरों में तोड़फोड़ 
बदमाशों ने एक दूसरे के साथ मारपीट करने के साथ रवि तथा मुकेश बनिया के घर में जमकर तोड़फोड़ की। बदमाश घर में लगे एलईडी टीवी सहित अन्य समान को तोड़ दिया। बदमाशों की हरकत से क्षेत्रवासी डरे हुए थे। स्थानीय रहवासियों में बदमाशों को लेकर इतना भय का माहौल था कि वे घटना की जानकारी देने पुलिस के पास कॉल करने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाए।

रवि सहित आधा दर्जन बदमाशों को 10-10 साल कैद
गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों का सिंडिकेट चलाने वाले रवि साहू, उसके साथी अनिल जुल्फेकार, संजय जुल्फेकार तथा अन्य को कोर्ट ने एनडीपीएस के एक मामले में 10-10 वर्ष कैद की सजा सुनाई है। पिछले महीने 26 फरवरी को कालीबाड़ी क्षेत्र के नेहरू नगर बस्ती के हिस्ट्रीशीटर मुकेश बानिया एवं उसके गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध भी कोतवाली एवं क्राइम यूनिट द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए हथियार एवं मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।

7