Logo
राजधानी रायपुर के समीप खरोरा नगर में एक पास्टर पर बीमारी ठीक करने की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने के खेल का खुलासा हुआ है।

सूरज सोनी- खरोरा। धर्म परिवर्तन कराने के आरोपी पास्टर को रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उक्त पास्टर पर ग्रामीणों से बीमारी ठीक करने की आड़ में हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहने और ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नगर के बजरंग पारा के लोगों ने 15 मार्च को शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि, पास्टर अनुप शेण्डे गांव के लोगों को तबीयत ठीक करने का दावा करता है। 

हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहने का आरोप
वह हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहकर उनपर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाता है। लोगों की शिकायत पर खरोरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 154/26 दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298, 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

जेल भेजा गया आरोपी पास्टर
पुलिस ने महाराष्ट्र के जिला बन्द्रपुर के निवासी आरोपी अनूप शेण्डे जो कि, वर्तमान में राजीव नगर खरोरा में निवासरत था, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान  अनूप शेण्डे ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी और न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

7