Delhi DTC Buses: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता सरकार की तरफ से 3 बड़े धार्मिक स्थलों-जम्मू-कश्मीर के कटरा (माता वैष्णो देवी), राजस्थान के खाटू श्याम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के लिए अंतरराज्यीय सरकारी बस सेवाएं शुरू करने का प्लान बनाया गया है। इसे लेकर दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह द्वारा जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि लोगों को आरामदायक और सस्ती यात्रा का लाभ देने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (डीटीसी) जल्द ही अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी को मजबूती देने के उद्देश्य से 50 AC बसों को 17 नए रूटों पर उतारेगा। ये बसें पर्यावरण के अनुकूल होंगी और यात्रियों को अच्छी और सुलभ सुविधाएं देंगी। इसके अलावा ये सेवाएं एसोसिएशन ऑफ स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग्स की ओर से तय बेंचमार्क रेट्स के आधार पर संचालित की जाएंगी।
इन रूटों पर भी होगा संचालन
विभाग द्वारा कई दूसरे अंतरराज्यीय रूटों को भी शुरू किया जा रहा है, जिनमें खासतौर से दिल्ली-गाजियाबाद बस टर्मिनल, दिल्ली-रेवाड़ी, दिल्ली-करनाल, दिल्ली-रोहतक, दिल्ली-अलवर और दिल्ली-जेवर जैसे रूट शामिल हैं। ये रूट रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों के लिए काफी फायदेमंद होंगे। मंत्री पंकज सिंह ने यह भी कहा कि दिल्ली में रह रहे बड़ी पूर्वांचली आबादी को देखते हुए दिल्ली और बिहार के बीच भी अंतरराज्यीय बस कनेक्टिविटी शुरू करने का प्लान बनाया गया है।
इसे लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर साइन करने की संभावना जताई गई है, जिससे 2 राज्यों के बीच संपर्क और भी ज्यादा मजबूत हो जाएगा। DTC पहले भी कई अंतरराज्यीय रूटों पर इलेक्ट्रिक बसें चला रही है, जिनमें दिल्ली-बड़ौत (उत्तर प्रदेश), दिल्ली-सोनीपत (हरियाणा), दिल्ली-धारूहेड़ा (हरियाणा) और दिल्ली-पानीपत (हरियाणा) जैसे रूटों को भी शामिल किया गया है।









