Sonipat News: चुनाव खत्म होते ही नगर निगम ने काटा पानी कनेक्शन, सोनीपत विधायक और मंत्री गंगवा ने शुरू कराई थी पेयजल सप्लाई

Local people raising slogans against the Municipal Corporation
X
नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते स्थानीय लोग।
Sonipat News: सोनीपत में पानी कनेक्शन काटने को लेकर लोगों ने निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और भेदभाव करने का आरोप लगाया। साथ ही स्थानीय लोगों ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

Sonipat News: हरियाणा के सोनीपत में कॉलोनी के लोगों ने नगर निगम के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया है। दरअसल, सोनीपत सारंग रोड स्थित भीम नगर वार्ड नंबर-11 में रहने वाले लोग पिछले कई सालों से पानी की समस्या से परेशान थे। निकाय चुनाव के दौरान 2 दिन पहले ही यहां से विधायक निखिल मदान और कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने मौके पर जाकर पानी के कनेक्शन जुड़वाए थे। इससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली थी, लेकिन मंगलवार सुबह नगर निगम के अधिकारी ठेकेदार के साथ पहुंची और पानी का कनेक्शन काटने की कोशिश की। यह देखकर स्थानीय लोग भड़क गए और निगम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने लगे।

11 सालों से नहीं मिल पा रहा पानी

कॉलोनी के लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि यहां पर पिछले 10-11 सालों से पानी की सप्लाई नहीं हो रही थी। इसके चलते कॉलोनी के 500 से ज्यादा घरों को पानी खरीद कर इस्तेमाल करना पड़ता है। लोगों बताया कि इसको लेकर कई बार उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया। ऐसे में हाल ही में विधायक और मंत्री ने जनता की परेशानी को देखते हुए सारंग रोड की मुख्य लाइन से कॉलोनी में पानी का कनेक्शन जुड़वाया था। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारियों ने कई घरों के पानी कनेक्शन काटना शुरू कर दिया है।

नगर निगम पर लगाए भेदभाव के आरोप

स्थानीय लोगों ने निगम पर आरोप लगाया है कि कुछ बड़े लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए गरीबों के घरों का कनेक्शन काटा जा रहा है। स्थानीय लोगों के विरोध पर ठेकेदार राजकुमार ने सफाई देते हुए कहा कि एक निर्धारित समय सीमा तय करके अन्य कॉलोनियों में कुछ समय के लिए पानी भेजा जाएगा, जिसके बाद कुछ समय के लिए नगर में पानी की सप्लाई जारी रखी जाएगी। बता दें कि प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आंदोलन करने की भी चेतावनी दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बिना पक्षपात किए पानी की आपूर्ति की जाए।

ये भी पढ़ें: Haryana Nikay Chuanv: 'हरियाणा में विपक्ष ही नहीं बचा', कम वोट पड़ने पर अनिल विज ने ऐसा क्यों कहा?

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story