haribhoomi hindi news
हरियाणा के रोहतक जिले में आप के पूर्व नेता और जयहिंद सेना के प्रमुख नवीन जयहिंद पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने नवीन के अवैध तंबू को जेसीबी से गिरा दिया है। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।

हरियाणा के रोहतक में प्रशासन ने आप के पूर्व नेता और जयहिंद सेना के प्रमुख नवीन जयहिंद के तंबू को गिर दिया है। बताया जा रहा है कि गुरुवार की देर रात प्रशासन और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद सेक्टर 6 में अवैध रुप से बने तंबू को उखाड़ दिया और सरकारी जमीन को खाली कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई पर नवीन जयहिंद ने अपनी नाराजगी व्यक्त की है। 

जानकारी के मुताबिक, नवीन जयहिंद पिछले 1 साल से सेक्टर 6 में तंबू बनाकर रह रहे थे। उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की जमीन पर अवैध कब्जा किया हुआ था। उन्हें तंबू हटाने के लिए 4 महीने पहले नोटिस भी जारी किया गया था। हालांकि, नवीन ने प्रशासन के इस नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया और अपना तंबू वहां से नहीं हटाया। जिसके चलते गुरुवार रात को इस अवैध निर्माण को हटा दिया गया है। जिस समय प्रशासन की टीम तंबू को हटा रही थी, उस वक्त नवीन शहर में नहीं थे। इसलिए कोई हंगामा होने से बच गया। 

वहीं जयहिंद सेना के प्रमुख नवीन जयहिंद ने प्रशासन की इस कार्रवाई को कायराना हरकत बताया है। उन्होंने कहा कि प्रसाशन को दिन में आकर तंबू गिराना चाहिए थे। रात में आकर तंबू क्यों गिराया गया। उन्होंने कहा कि वह लोगों की समस्याओं को उठाते हैं। प्रसासन से ये सहन नहीं हो रहा, इसलिए उनका तंबू गिराया गया। 

क्या है मामला 

बता दें कि इससे पहले नवीन जयहिंद ने सेक्टर 6 के बाग में कब्जा किया हुआ था। इसे भी प्रशासन ने खाली करवा लिया था और वहां पर बने अवैध निर्माण को ढहा दिया था। इसके बाद नवीन जयहिंद ने बाग के सामने ही तंबू लगा लिया था और तंबू में ही रहने लगे थे। जिसके चलते हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने अवैध कब्जा करने का नोटिस भी भेजा था। लेकिन, नवीन जयहिंद ने तंबू नहीं हटाया। 
 

7