रोहतक में अंधाधुंध फायरिंग: हरियाणा के रोहतक जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला गोहाना रोड का है, जहां एक दुकानदार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। हमले में दुकानदार प्रवीन को दो गोलियां लगी हैं, जो उनके गले और चेहरे पर लगी हैं। घायल को लहूलुहान हालत में पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
दुकान पर बैठा था प्रवीन, अचानक आया हमलावर
जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर निवासी प्रवीन (पुत्र राज सिंह) की गोहाना रोड पर 'राजलक्ष्मी सीमेंट सरिया' के नाम से दुकान है। प्रवीन अपनी दुकान पर बैठा था, तभी एक अज्ञात हमलावर पैदल आया और उस पर पिस्तौल तान दी। हमलावर ने करीब 3-4 राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही ओल्ड सब्जी मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके और उसकी भागने की दिशा का पता चल सके। अभी तक हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।










