haribhoomi hindi news
हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मोस्ट वांटेड गैंगस्टर साहिल चौहान को थाईलैंड में दबोच लिया है। इसकी तलाश ना सिर्फ हरियाणा पुलिस बल्कि NIA को भी थी।

Gangster Sahil Chauhan arrested: साहिल को आज डिपोर्ट कर भारत लाया जा रहा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुग्राम और अंबाला एसटीएफ की संयुक्त टीम उसे अपनी हिरासत में लेगी।

NIA को भी थी साहिल की तलाश
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, साहिल चौहान कुख्यात कौशल चौधरी गैंग का सक्रिय सदस्य है। वह लंबे समय से भारत से फरार चल रहा था और थाईलैंड में छिपकर अपना नेटवर्क चला रहा था। वह न केवल हरियाणा पुलिस बल्कि NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की रडार पर भी था।

थाईलैंड से रखता था हरियाणा पर नज़र
जांच एजेंसियों के अनुसार, साहिल थाईलैंड में बैठकर हरियाणा और आसपास के राज्यों में रंगदारी, गैंगवार और टारगेट किलिंग जैसी वारदातों को अंजाम दिलवाता था। कौशल चौधरी गैंग के लिए वह विदेशों से फंडिंग और हथियारों के तालमेल का काम भी संभाल रहा था। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और एसटीएफ के साझा ऑपरेशन के बाद उसे विदेश में डिटेन किया गया था।

STF चीफ करेंगे बड़ा खुलासा
साहिल चौहान के भारत पहुंचने के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुग्राम लाया जाएगा। एसटीएफ चीफ इस गिरफ्तारी को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं, जिसमें साहिल के भविष्य के प्लान और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े नामों का खुलासा होने की उम्मीद है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7