हरियाणा के पानीपत और रेवाड़ी जिलों में दो बच्चों की हादसों में मौत हो गई। जहां एक ओर पानीपत में एक लापरवाह पिकअप चालक ने डेढ़ साल की मासूम बच्ची को अपनी गाड़ी के नीचे कुचल दिया, वहीं रेवाड़ी में ऑटो चालक की लापरवाही ने चार साल के बच्चे की जान ले ली।
पानीपत में कंपनी परिसर में खेल रही थी मासूम
पानीपत के पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कच्चा काबड़ी फाटक के पास स्थित एक कंपनी में सोमवार की सुबह मातम में बदल गई। यहां काम करने वाली एक महिला की 1 साल 9 महीने की मासूम बेटी को वाहन ने कुचल दिया।
गंगाराम कॉलोनी निवासी मोहम्मद उवैस की सबसे छोटी बेटी दुआ अपनी मां बुदीना परवीन के साथ कंपनी गई थी। सुबह करीब 10 बजे जब मां कंपनी के भीतर अपने कार्यों में व्यस्त थी, मासूम दुआ पास ही खेल रही थी। इसी दौरान वहां खड़े एक पिकअप चालक ने बिना पीछे देखे और गाड़ी को तेज रफ्तार में बैक करना शुरू कर दिया। मासूम पिकअप की चपेट में आ गई और टायर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का रोष, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया
हादसे के बाद कंपनी परिसर में चीख-पुकार मच गई। पिता मोहम्मद उवैस की शिकायत पर पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक फरार चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
रेवाड़ी में चालू ऑटो छोड़ना पड़ा भारी, दबने से मासूम की मौत
रेवाड़ी शहर की सनसिटी इलाके में एक चालू ऑटो के नीचे दबने से चार वर्षीय कार्तिक की मौत हो गई। कार्तिक यूकेजी का छात्र था और स्कूल से लौटने के बाद पास की ही दुकान पर सामान लेने गया था।
हादसा उस वक्त हुआ जब पड़ोसी दिवेंद्र अपने ऑटो को स्टार्ट हालत में छोड़कर खुद दुकान पर सामान लेने चला गया। इस बीच कार्तिक खेल-खेल में ऑटो पर चढ़ गया और उसने गलती से गाड़ी का एक्सीलेटर दबा दिया। ऑटो अचानक झटके के साथ आगे बढ़ा और पास के डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। मासूम कार्तिक भारी ऑटो के नीचे दब गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूटा दम
आसपास के लोगों और ऑटो चालक ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा पंकज ने बताया कि कार्तिक का पिता लोकेश बिलासपुर में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत है। इस घटना के बाद से पूरे सनसिटी इलाके में शोक है। पुलिस ने इस मामले में भी लापरवाही का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










