रेवाड़ी अग्निकांड: हरियाणा के रेवाड़ी शहर में रविवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। कोनसीवास रोड पर स्थित झुग्गियों में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकांड में करीब 25 झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं। आग इतनी भयानक थी कि इसकी चपेट में पास ही स्थित एक पक्का मकान भी आ गया, जिससे घर के अंदर रखा लाखों का सामान जल गया।
सिलिंडर फटने से हुआ धमाका
झुग्गियों में रहने वाले लोग कबाड़ का काम करते हैं। आग लगने के बाद झुग्गियों में रखे तीन छोटे सिलिंडर एक के बाद एक जोरदार धमाकों के साथ फट गए। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के रिहायशी इलाकों (सेक्टर-4 और गणपत नगर) में दहशत फैल गई। आसमान में काले धुएं का गुब्बार दूर-दूर से देखा जा सकता था।
दमकल ने डेढ़ घंटे तक लड़ा 'युद्ध'
सूचना मिलते ही सबसे पहले रेवाड़ी दमकल केंद्र से तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए तुरंत धारूहेड़ा और बावल से पांच और गाड़ियां मंगवाई गईं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की 8 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोग झुग्गियों से बाहर निकल आए थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
100 से ज्यादा झुग्गियां अवैध रूप से बनी
बता दें कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की करीब दो एकड़ खाली जमीन पर ये 100 से ज्यादा झुग्गियां अवैध रूप से बनी हुई हैं। दो साल पहले भी इसी स्थान पर आग लगी थी। सेक्टर-4 RWA ने पहले भी डीसी को ज्ञापन सौंपकर इन झुग्गियों को हटवाने की मांग की थी, क्योंकि इनके पीछे घना आबादी क्षेत्र है और आग लगने पर बड़ी अनहोनी का खतरा बना रहता है।
पुलिस और प्रशासन ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना पाकर मॉडल टाउन थाना प्रभारी रतन लाल और शहर थाना प्रभारी सूबे सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।










