haribhoomi hindi news
हरियाणा की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 3 साल की बीमार बच्ची के साथ उसके माता- पिता ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। यह परिवार मासूम के 'पैरालाइज्ड' होने से काफी तनाव में था और घर का खर्च भी उठाने में असमर्थ था।

कुरुक्षेत्र: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की प्रेम नगर कॉलोनी में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिले। मृतक दंपति अपनी 3 साल की मासूम बेटी की गंभीर बीमारी को लेकर लंबे समय से मानसिक तनाव में थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी अवसाद के चलते उन्होंने इतना खौफनाक कदम उठाया।

बेटी के 'पैरालाइज्ड' होने माता-पिता थे तनाव में
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय जतिंद्र कुमार, उनकी 28 वर्षीय पत्नी मंजू और 3 साल की बेटी अदविका के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, छोटी सी अदविका जन्म से ही ‘पैरालाइज्ड’ (लकवाग्रस्त) थी। जतिंद्र और मंजू अपनी बेटी की इस हालत और उसके भविष्य को लेकर काफी समय से परेशान चल रहे थे। पुलिस जांच में प्राथमिक तौर पर सामने आया है कि बेटी की बीमारी का दुख ही इस सामूहिक आत्महत्या का मुख्य कारण बना।

अस्पताल ने पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया शवों को
सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे सुभाष मंडी चौकी को इस घटना की सूचना मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो कमरे के अंदर पति, पत्नी और बच्ची तीनों के शव पंखे से लटके हुए थे। पुलिस ने तुरंत तीनों को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर एलएनजेपी अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है।

जतिंद्र के पिता पंजाब पुलिस से थे रिटायर्ड
जतिंद्र कुमार अंबाला के पोस्ट ऑफिस में कार्यरत थे और मूल रूप से करनाल के सीकरी गांव के रहने वाले थे। हालांकि, पिछले 15 सालों से उनका परिवार कुरुक्षेत्र की प्रेम नगर कॉलोनी में ही रह रहा था। जतिंद्र के पिता पंजाब पुलिस से रिटायर्ड थे, जिनका करीब 6 महीने पहले ही देहांत हुआ था। पिता की मौत के बाद जतिंद्र पर परिवार की पूरी जिम्मेदारी थी, लेकिन बेटी की बीमारी ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था।

इलाके में मची शोक की लहर
इस घटना के बाद पूरी प्रेम नगर कॉलोनी में मातम का माहौल है। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार शांत स्वभाव का था, लेकिन बच्ची की सेहत को लेकर वे हमेशा चिंतित रहते थे। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे के अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7