haribhoomi hindi news
कोरबा के वीआईपी रेस्टहाउस में चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार सहित अधिकारी शराब पार्टी करते पकड़े गए, जिस पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

उमेश यादव - कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में बी-टाइप वीआईपी सरकारी रेस्टहाउस में देर रात विभागीय अधिकारियों की शराब पार्टी का मामला सामने आया है। मौके पर खाली बोतलें, चखना और फ्रीजर में बियर की बोतलें मिलने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया।

वीआईपी रेस्टहाउस में शराब पार्टी का खुलासा
जानकारी के अनुसार डीएसपीएम के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार चार अन्य अधिकारियों के साथ वीआईपी रेस्टहाउस के एक कमरे में शराब पीते हुए नजर आए। कमरे में खाली शराब की बोतलें, चखना और पानी की बोतलें पड़ी हुई थीं, जबकि किचन के फ्रीजर में बियर रखी मिली। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कमरे में सिगरेट का धुआँ भी फैला हुआ था और अधिकारी नशे की हालत में थे।

वीआईपी रेस्टहाउस में शराब पार्टी का खुलासा

नेता आए मिलने, तब खुला मामला
पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक कोरबा प्रवास पर थे। उनसे मिलने उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी रेस्टहाउस पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने मंत्री को सूचना दी कि इसी रेस्टहाउस के वीआईपी कमरे में कुछ अधिकारी शराब पार्टी कर रहे हैं।

मंत्री ने तुरंत दी कार्रवाई के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने मौके पर ही उत्पादन कंपनी के एमडी एस के कटियार को फोन कर संबंधित अधिकारियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

चीफ केमिस्ट सहित अधिकारी पकड़े गए

सरकारी रेस्टहाउस बन रहे ‘नशे के अड्डे’?
लगातार मिल रहे ऐसे मामलों से यह सवाल उठ रहा है कि सरकारी रेस्टहाउस विभागीय अधिकारियों के लिए आरामगाह से ज्यादा नशे के अड्डे बनते जा रहे हैं। यह घटना भी उन्हीं चिंताओं को गहरा करने वाली है, क्योंकि जिम्मेदार अधिकारी ही नियम-कायदों की धज्जियां उड़ाते नजर आए।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7