haribhoomi hindi news
26 वर्षीय सिमरनजीत सिंह की शादी तय हो चुकी थी। जानकारी के मुताबिक युवक केमिकल से लदा हुआ ट्रक लेकर सड़क किनारे खड़ा था। जिसके बाद अन्य तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर दी।

अमेरिका में भीषण सड़क हादसा: हरियाणा के कैथल जिले के गांव बाकल से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक भीषण सड़क हादसे में 26 वर्षीय हरियाणवी युवक सिमरनजीत सिंह की जिंदा जलने से मौत हो गई। सिमरनजीत का ट्रक केमिकल से भरा हुआ था, जिसमें टक्कर के बाद लगी आग ने उसे संभलने का मौका तक नहीं दिया। इस घटना के बाद गांव बाकल में मातम पसरा हुआ है।

केमिकल से लदा हुआ था ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार, सिमरनजीत सिंह अपना केमिकल से लदा हुआ ट्रक लेकर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य तेज रफ्तार ट्रक ने उसके ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक में चिंगारी उठी और पिछले हिस्से में मौजूद केमिकल ने तुरंत आग पकड़ ली। आग ने कुछ ही सेकंडों में विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि सिमरनजीत ट्रक के केबिन में ही लॉक हो गया और बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

'डंकी' रूट से गया था अमेरिका
परिजनों ने बताया कि सिमरनजीत साल 2016 में करीब 10 साल पहले 'डंकी' रूट के जरिए 50 लाख रुपए खर्च करके अमेरिका पहुंचा था। वह परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के सपने लेकर विदेश गया था। वर्तमान में वह कैलिफोर्निया में ट्रक चलाकर अपने परिवार का सहारा बना हुआ था। उसकी दो बहनें भी अमेरिका में ही सेटल हैं, जबकि माता-पिता और एक बहन गांव में रहते हैं।

खुशियां बदलीं मातम में 
मृतक के चचेरे भाई इंद्रपाल ने बताया कि सिमरनजीत का रिश्ता तय हो चुका था। परिवार उसकी शादी की तैयारियों में जुटा था और जल्द ही वह शादी के बंधन में बंधने वाला था। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। पिता गुरनाम सिंह और माता सुरजीत कौर का रो-रोकर बुरा हाल है।

सरकार से शव भारत लाने की गुहार
पीड़ित परिवार ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से मदद की अपील की है। उन्होंने गुहार लगाई है कि सिमरनजीत के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने में सहायता की जाए, ताकि उसका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में रीति-रिवाजों के साथ किया जा सके।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7