Logo
election banner
मुख्य सचिव संजीव कौशल की सेवानिवृत्ति होने से पहले ही उनकी ( बिग बॉस वाली) कुर्सी को लेकर आईएएस अफसरों में खींचतान शुरूआत हो गई है। इस बारे में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर दूसरे राज्यों से आकर हरियाणा कैडर में स्थानांतरित हुए अधिकारियों को वरिष्ठता क्रम में पीछे रखने की अपील की।

योगेंद्र शर्मा, हरियाणा: प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव संजीव कौशल की सेवानिवृत्ति होने से पहले ही उनकी ( बिग बॉस वाली) कुर्सी को लेकर आईएएस अफसरों में खींचतान शुरूआत हो गई है। इस बारे में हरियाणा के कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने मुख्य सचिव हरियाणा सरकार को पत्र लिखकर दूसरे राज्यों से आकर हरियाणा कैडर में स्थानांतरित हुए अधिकारियों को लेकर वरिष्ठता क्रम में पीछे रखने की अपील की। अफसरों की मांग है कि वरिष्ठता सूची में तुरंत संशोधन किया जाए। वरिष्ठता क्रम को लेकर चुनौती देने वालों में हरियाणा वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के साथ-साथ अंकुर गुप्ता और राजशेखर वुंदरू के नाम शामिल हैं। इन अधिकारियों ने अपने पत्र में साफ लिखा है कि वे मूल रूप से हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी हैं।

हरियाणा के मुख्य सचिव को लिखा पत्र

अधिकारियों की ओऱ से हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव को पत्र में लिखा कि उनसे आगे मुख्य सचिव पद की दौड़ में दो अधिकारी अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल और डॉक्टर सुमिता मिश्रा के नाम हैं। दोनों ही अधिकारियों को दूसरे राज्यों से हरियाणा में स्थानांतरित किया गया था। इस तरह से वरिष्ठता क्रम सूची में इन अधिकारियों को दूसरे राज्य से आने के कारण मूल कैडर के अफसरों से पीछे रहना होगा। यहां पर उल्लेखनीय है कि हरियाणा कैडर के दो सबसे वरिष्ठ अधिकारियों में वर्तमान मुख्य सचिव संजीव कौशल और राजस्व एवं गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद अक्टूबर में सेवानिवृत्त होने के कारण यह पद खाली हो जाएंगे।

अखिल भारतीय सिविल सर्विस सेवा नियमों का पत्र में दिया हवाला

सूत्रों का कहना है कि राज्य कैडर के आईएएस अधिकारियों ने अखिल भारतीय सिविल सर्विस सेवा नियमों का हवाला देते हुए पत्र में साफ कर दिया कि वे मूल रूप से हरियाणा कैडर के हैं। नियमों के अनुसार उन्हें इस बैच के उन लोगों से आगे रखा जाता है, जो दूसरे राज्यों से ट्रांसफर होकर हरियाणा में आए हैं । इस क्रम में उन्होंने अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल के हिमाचल कैडर से आने और डॉक्टर सुमिता मिश्रा के जेएंडके से हरियाणा आने का उल्लेख किया है। हरियाणा सरकार (मुख्य सचिव) वेबसाइट पर हरियाणा की आईएएस अधिकारियों की सूची के अनुसार सुधीर राजपाल वर्तमान में राज्य के 1990 बैच के अधिकारियों में सर्वोच्च स्थान पर हैं। हालांकि उन्हें 1994 में हिमाचल प्रदेश से हरियाणा में भेजा था।

बिग बॉस पर कौन बैठेगा, चर्चाओं का शुरू हुआ दौर

बिग बॉस की कुर्सी के लिए डॉक्टर सुमिता मिश्रा मूल रूप से जम्मू कश्मीर कैडर की अधिकारी थी। हरियाणा के आईएएस अधिकारियों में इन दोनों को लेकर मुख्य सचिव पद के लिए जोरदार चर्चा चली हुई है। मुख्य सचिव ऑफिस की ओर से आईएएस अधिकारियों द्वारा पत्र भेजे जाने की पुष्टि कर दी गई है, लेकिन मुख्य सचिव हरियाणा सरकार संजीव कौशल ने मामले के अध्ययन और जांच के बाद ही कुछ कहने की बात कही। कुल मिलाकर फिलहाल गेंद हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव के पाले में है। पत्र लिखने वाले अधिकारियों के साथ-साथ कुछ अन्य आईएएस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य सचिव स्तर पर विवाद का निपटारा नहीं हुआ तो, उक्त मामला पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट जा सकता है।

कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग डीओपीटी पर भी नजर

मुख्य सचिव संजीव कौशल हरियाणा सरकार को इस बारे में आईएएस अधिकारियों द्वारा पत्र देकर पूरे मामले में दूसरे प्रदेशों से आए दोनों अधिकारियों को वरिष्ठ क्रम में संशोधन कर (पीछे) रखने की गुहार लगाई है। बताया जा रहा है कि केंद्र के कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग डीओपीटी से भी अफसरों द्वारा संपर्क साधा जा रहा है। राज्य सरकार भी पूरे मामले में विवाद को देखते हुए केंद्र से सलाह ले सकती है। हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव संजीव कौशल इस साल 31 जुलाई को रिटायर होंगे, जबकि 1988 बैच के अधिकारी टीवीएसएन प्रसाद दो माह के बाद 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे। सूत्रों का कहना है कि अगर कौशल को अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 3 महीने का सेवा विस्तार मिलता है, तो वह और टीवीएसएन प्रसाद एक साथ सेवानिवृत्त होंगे।

5379487