Tomato Biryani: बिरयानी का नाम सुनते ही ज्यादातर लोग चिकन या वेजिटेबल बिरयानी के बारे में सोचते हैं, लेकिन क्या आपने कभी टमाटर बिरयानी ट्राई की है? यह साउथ इंडियन स्टाइल की खास बिरयानी है, जो कम सामग्री में भी जबरदस्त स्वाद देती है। टमाटर की हल्की खटास और मसालों का संतुलन इसे अलग पहचान देता है।
अगर आप रोज़-रोज़ एक जैसी सब्ज़ियों से बोर हो चुके हैं और कुछ नया बनाना चाहते हैं, तो टमाटर बिरयानी एक बेहतरीन विकल्प है। इसे लंच या डिनर किसी भी वक्त बनाया जा सकता है और यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है।
टमाटर बिरयानी के लिए सामग्री
बासमती चावल - 1 कप
टमाटर - 3-4 मध्यम (बारीक कटे)
प्याज - 1 बड़ा (पतले स्लाइस में)
हरी मिर्च - 2 (लंबाई में कटी)
अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 बड़ा चम्मच
दही - 2 बड़े चम्मच
बिरयानी मसाला - 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
हल्दी - 1/4 छोटा चम्मच
साबुत गरम मसाले (तेज पत्ता, इलायची, लौंग)
हरा धनिया और पुदीना - बारीक कटा
तेल या घी - 2 बड़े चम्मच
नमक - स्वादानुसार
पानी - आवश्यकतानुसार
टमाटर बिरयानी बनाने का तरीका
चावल तैयार करने की विधि
सबसे पहले बासमती चावल को अच्छे से धोकर 20 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद कुकर या पैन में चावल को हल्का सा उबाल लें, ताकि वे 70 प्रतिशत तक पक जाएं। फिर पानी निकालकर अलग रख दें।
टमाटर मसाला बनाने की विधि
कढ़ाही या कुकर में तेल या घी गरम करें। इसमें साबुत गरम मसाले डालें। खुशबू आते ही प्याज डालकर हल्का ब्राउन होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालें। इसके बाद कटे हुए टमाटर डालकर अच्छे से पकाएं, जब तक मसाला तेल न छोड़ दे।
बिरयानी तैयार करने की विधि
अब टमाटर मसाले में दही, हल्दी, लाल मिर्च और बिरयानी मसाला डालें। अच्छे से मिलाएं। इसमें उबले चावल डालकर हल्के हाथ से मिक्स करें। ऊपर से हरा धनिया और पुदीना डालें। अब जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर ढक दें और धीमी आंच पर 10-12 मिनट पकने दें।
परोसने का तरीका
गरमागरम टमाटर बिरयानी को रायता, सलाद या नींबू के स्लाइस के साथ परोसें। इसका खट्टा-मसालेदार स्वाद हर किसी को पसंद आता है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।











