Logo
कैथल में 1600 वर्ष पुराने सिद्ध बाबा मुकुट नाथ मठ में विशाल 'आठ मान के भंडारे' आयोजन किया गया जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आए और राष्ट्र की एकता में संतों की भूमिका को सर्वोपरि बताया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को हरियाणा के कैथल स्थित सोंगल गांव पहुंचे। यहाँ उन्होंने 1600 वर्ष पुराने सिद्ध बाबा मुकुट नाथ मठ में आयोजित विशाल 'आठ मान के भंडारे' में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने नाथ संप्रदाय के गुरुओं को नमन किया और राष्ट्र की एकता में संतों की भूमिका को सर्वोपरि बताया।

 

संत शक्ति ही राष्ट्र की सुरक्षा का आधार
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिस देश की संत शक्ति जागृत और मजबूत होती है, उस देश के धर्म और गौरव को दुनिया की कोई भी ताकत झुका नहीं सकती। उन्होंने सिकंदर का उदाहरण देते हुए कहा, "गुरुओं के सामने तो सिकंदर जैसे विजेताओं को भी नतमस्तक होना पड़ा था।" उन्होंने हरियाणा और पंजाब की संत परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि संतों ने हमेशा खुद को राष्ट्र के प्रति समर्पित किया है।

राम मंदिर और आस्था पर प्रहार
अयोध्या के राम मंदिर का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "500 साल पहले एक विदेशी आक्रांता ने राम मंदिर को तोड़ा था, लेकिन भाजपा सरकार ने वहां भव्य मंदिर का निर्माण कर लोगों की आस्था को सम्मान दिया।"उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों ने कभी भारत की आस्था के बारे में नहीं सोचा।

नशे के खिलाफ युद्ध का आह्वान
पाकिस्तान की ओर से होने वाली साजिशों पर आगाह करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पड़ोसी देश भारत में नशे का कारोबार फैलाकर हमारी युवा पीढ़ी को बर्बाद करना चाहता है। उन्होंने संतों और धर्मसभाओं से अपील की कि वे नशे के खिलाफ एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा करें।

अराजकता फैलाने वालों को चेतावनी
खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया में भले ही उथल-पुथल हो, लेकिन भारत अपनी विकास गाथा लिख रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को जनता सत्ता से बाहर कर चुकी है, वे अब देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा, "अगर सनातन सुरक्षित रहेगा तो ही देश सुरक्षित रहेगा।"

मठ का ऐतिहासिक महत्व
महंत पीरशेरनाथ ने बताया कि यह मठ लगभग 1600 वर्षों से नाथ संप्रदाय की आस्था का केंद्र है। यहाँ बाबा मुकुट नाथ की निरंतर ज्योति और प्राचीन धूना प्रज्वलित रहता है। इस 'आठ मान के भंडारे' में हरियाणा और पंजाब के आठ प्रमुख मठों के संत और श्रद्धालु एकत्रित हुए थे।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

7