Logo
राज्यसभा चुनावों और शहर में गैस आपूर्ति को लेकर मचे घमासान के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया है। गुर्जर ने कहा कि 'मोदी राज में खत्म हुआ लाइन कल्चर'।

फरीदाबाद में की गई प्रेस कांफ्रेस में गुर्जर ने राज्यसभा चुनावों और शहर में गैस आपूर्ति को लेकर मचे घमासान को लेकर स्पष्ट किया कि विधायकों की खरीद-फरोख्त करना कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है। जबकि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) केवल अपने सिद्धांतों और नैतिकता के दम पर चुनाव लड़ती है।

राज्यसभा चुनाव में संजय भाटिया की जीत का दावा
मंत्री गुर्जर ने फरीदाबाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बीजेपी ने संजय भाटिया को उम्मीदवार बनाया है और उनकी जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि खरीद-फरोख्त की राजनीति कांग्रेस की सरकारों के समय फली-फूली थी, बीजेपी में ऐसी अनैतिकता के लिए कोई जगह नहीं है। गैस संकट पर मंत्री बोले 'अफवाह फैला रही है कांग्रेस' शहर में गैस सिलेंडरों के लिए लग रही लंबी लाइनों पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन कांग्रेस और अन्य विरोधी दल पैनिक (घबराहट) पैदा कर रहे हैं।मंत्री ने आंकड़े देते हुए बताया कि जंग (युद्ध) की स्थिति से पहले फरीदाबाद में गैस की जितनी डिमांड और सप्लाई थी, उतनी ही आज भी बनी हुई है।उन्होंने कहा कि विपक्ष लोगों को उकसा रहा है और अफवाहें फैला रहा है, जिसके कारण लोग घबराकर गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लगा रहे हैं।

'मोदी राज में खत्म हुआ लाइन कल्चर'
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राशन और गैस के लिए घंटों लाइनों में लगने की स्थिति खत्म हो चुकी थी। अब फिर से लोगों को लाइनों में खड़ा करना विरोधियों की एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और ऑनलाइन बुकिंग करें। सिलेंडर सीधे उनके घर तक पहुंचेगा। तकनीकी दिक्कतों (जैसे OTP समस्या) को भी जल्द दूर करने का भरोसा दिया।

विदेश नीति और कूटनीति की जीत
भारत की विदेश नीति की सराहना करते हुए मंत्री ने बताया कि मजबूत कूटनीति के कारण ही ईरान ने भारतीय ईंधन टैंकरों को रास्ता दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देशहित में किसी भी वैश्विक शक्ति से बात करने में सक्षम हैं। कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए उन्होंने सभी गैस वितरकों की बैठक बुलाई है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

7