Logo
बॉलीवुड के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं।उनका हाल ही में रिलीज हुआ गाना 'टटीरी' को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है।

रैपर और सिंगर बादशाह  का  हाल ही में एक गाना रिलिज़ हुआ है। जिस पर काफ़ी विवाद देखने को मिल रहा है। हरियाणवी लोक गीत 'टटीरी' में फिल्माए गए दृश्यों और इस्तेमाल की गई शब्दावली को लेकर हरियाणा राज्य महिला आयोग ने उन्हें समन जारी किया है। आयोग ने बादशाह को 13 मार्च को सुबह 11:30 बजे पानीपत स्थित डीसी ऑफिस में पेश होने के निर्देश दिए हैं।

कैसे शुरू हुआ विवाद?
1 मार्च को रिलीज हुए इस गाने में कैथल की बॉक्सर सिमरन जागलान ने भी आवाज दी है। विवाद मुख्य रूप से दो बिंदुओं पर है:

  • स्कूल बैग फेंकने पर आपत्ति:वीडियो में नाबालिग बच्चियों को सरकारी स्कूल की यूनिफॉर्म में अपना स्कूल बैग (बस्ता) फेंकते हुए दिखाया गया है। शिकायतकर्ताओं का तर्क है कि यह समाज में शिक्षा के प्रति गलत संदेश देता है।
  • अभद्र शब्दावली का आरोप: गाने के रैप में प्रयुक्त पंक्तियों— "आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने" को लेकर कड़ी आपत्ति जताई गई है। इसे महिलाओं और बच्चियों के प्रति अमर्यादित और भद्दी भाषा माना गया है।

संस्थाओं और वकीलों ने खोला मोर्चा
पानीपत की 'नारी तू नारायणी' संस्था की अध्यक्ष सविता आर्य और 'शिव आरती फाउंडेशन' के प्रमुख शिव कुमार की शिकायत पर महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। इसके अलावा, रोहतक के एडवोकेट राजनारायण पंघाल ने बाल अधिकार संरक्षण आयोग को भी शिकायत भेजी है।

कानूनी प्रावधानों का दिया हवाला
शिकायत में वकील ने किशोर न्याय अधिनियम JJ Act 2015 और शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 का हवाला देते हुए कहा है कि बच्चों को पढ़ाई से दूर भागते दिखाना और मानसिक रूप से प्रभावित करना कानूनन गलत है।

आयोग ने अपनाया कड़ा रुख
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया द्वारा जारी समन में स्पष्ट किया गया है कि इस गाने में शब्दों की मर्यादा का हनन हुआ है। बादशाह का आयोग के समक्ष पेश होना अनिवार्य है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

5379487