रोहतक जिले के कलानौर ब्लॉक के बनियानी गांव में फाग (होली) के दिन शुरू हुआ एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें बीच-बचाव करने आए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस वारदात के बाद से गांव में तनाव व्याप्त है और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जानते है पूरा मामला?
घटना 4 मार्च की है, जब गांव निवासी साहिल अपने दोस्त सतीश के साथ लौट रहा था। रास्ते में निशांत नामक युवक की बाइक खड़ी थी, जिसे हटाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि निशांत के परिजन और अन्य साथी लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और तेजधार हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए।
बीच-बचाव में गई एक निर्दोष की जान
हमलावरों ने साहिल और उसके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान गांव के ही विक्रम उर्फ कल्लू और बंटी उन्हें बचाने पहुंचे, तो हमलावरों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा। इस हमले में विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने गुरुवार रात पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों का आक्रोश
मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने निशांत, उसके माता-पिता और अन्य सहयोगियों सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
पंचायत ने की गिरफ्तारी की मांग
शुक्रवार को पीजीआई में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। वहीं, गांव बनियानी में पंचायत का दौर जारी है। ग्रामीण आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
इलाके में बनी तनावपूर्ण स्थिति
किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कलानौर और रोहतक सिटी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस की टीम गांव में तैनात है।पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










