Logo
जाट आरक्षण मामले में नया खुलासा करते हुए धर्मेंद्र हुड्डा ने अमेरिका से फेसबुक लाइव आकर दंगों की इनसाइड स्टोरी बयां की है।

साल 2016 के जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की कोठी जलाने के मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ आया है। जहां हाल ही में सीबीआई कोर्ट ने 56 आरोपियों को बरी किया,  धर्मेंद्र हुड्डा ने अमेरिका से फेसबुक लाइव आकर दंगों की इनसाइड स्टोरी बयां की है। धर्मेंद्र ने सीधे तौर पर एक बड़े कांग्रेस नेता पर साजिश रचने का आरोप लगाया है।

फेसबुक लाइव के 5 सबसे बड़े खुलासे
धर्मेंद्र ने आरोप लगाया कि दंगों के दौरान एक कांग्रेस नेता के परिवार से जुड़े पेट्रोल पंप को खुला रखा गया था। वहां से पेट्रोल की कैन भरकर उपद्रवियों को बांटी गईं, जिससे कैप्टन अभिमन्यु का घर फूंका गया।

बेजुबानों के साथ की गई क्रूरता 
आरोपी ने दावा किया कि दंगाइयों ने कोठी में मौजूद तीन कुत्तों को जिंदा जला दिया था। उसने बताया कि वह खुद एक घायल कुत्ते को सरिया से निकालकर अस्पताल ले गया था, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है।

खापों की वजह से हुए बरी
धर्मेंद्र ने कहा कि आरोपियों का बरी होना खापों के हस्तक्षेप और कैप्टन परिवार के बड़प्पन का नतीजा है। अगर कैप्टन परिवार माफ न करता, तो सीबीआई केस में 20 साल से कम की सजा मुमकिन नहीं थी।

चोरी का सामान किया गया बरामद
उसने बरी हुए लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि 10 आरोपियों के घर से चोरी के सोने-चांदी के सिक्के और मोबाइल बरामद हुए थे, जो केस फाइल का हिस्सा हैं।

हथियारों की सप्लाई का किया खुलासा 
खुलासा किया गया कि कोठी पर हमला करने के लिए फरसे और गाड़ियां जसिया गांव से आई थीं, जिसका कनेक्शन एक बड़े नेता के करीबी से था।

कौन है धर्मेंद्र हुड्डा?
रोहतक के खिडवाली गांव का रहने वाला धर्मेंद्र हुड्डा इस केस में सबसे पहली गिरफ्तारी (29 फरवरी 2016) थी। वह 2 साल जेल में रहा, जिसकी वजह से उसकी रेलवे की नौकरी छूट गई। जेल से बाहर आकर उसने लॉ की पढ़ाई शुरू की, लेकिन कानूनी पेचीदगियों के बीच वह अमेरिका भाग गया। 

ओमप्रकाश धनखड़ बोले- 'सत्य प्रकट होकर रहेगा'
इस खुलासे पर बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सत्य को बादलों से ढका नहीं जा सकता। धर्मेंद्र हुड्डा के खुलासे से साफ है कि समाज के युवाओं का इस्तेमाल राजनीतिक साजिश के लिए किया गया था। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

5379487