Logo
मुंबई में 47 लाख रुपये की कथित निवेश ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें मराठी अभिनेत्री वर्षा उसगांवकर समेत कई लोग शिकार बने हैं। पुलिस ने बिल्डर और फिल्म प्रोड्यूसर अविनाश जाधव के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Varsha Usgaonkar: मुंबई में लगभग 47 लाख रुपये की कथित निवेश ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें मराठी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री वर्षा उसगांवकर (Varsha Usgaonkar) सहित कई लोग पीड़ित बताए जा रहे हैं। इस मामले में पेशे से बिल्डर और फिल्म निर्माता अविनाश जाधव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

निवेश के नाम पर ठगी

पुलिस के अनुसार, इस मामले की शिकायत मराठी अभिनेत्री मृणालिनी सुभाष जांभले ने दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि उनकी आरोपी से प्रोफेशनली पहचान थी। इसी दौरान आरोपी ने खुद को बिल्डर और फिल्म प्रोड्यूसर बताते हुए डोंबिवली में एक निर्माण परियोजना में निवेश करने का प्रस्ताव दिया।

उसने निवेश पर अच्छा रिटर्न और एक साल के अंदर मूल रकम वापस करने का भरोसा दिलाया। इस भरोसे पर शिकायतकर्ता और अन्य लोगों ने पैसा लगाने का फैसला किया।

47 लाख रुपये का निवेश, फिर बंद हो गए भुगतान

रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर 2019 से फरवरी 2020 के बीच वर्षा उसगांवकर समेत कुल पांच लोगों ने चेक और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए करीब 47 लाख रुपये निवेश किए। शुरुआत में आरोपी ने कथित तौर पर लगभग 4.52 लाख रुपये रिटर्न के रूप में लौटाए, लेकिन उसके बाद भुगतान बंद हो गया।

बदला नंबर और पता

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब निवेशकों ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की तो वह उनसे बचने लगा। बताया जा रहा है कि उसने अपना मोबाइल नंबर और ठिकाना भी बदल लिया।

बाद में जब निवेशकों ने डोंबिवली में जाकर उससे जवाब मांगा तो उसने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और कथित तौर पर धमकी भी दी।

पुलिस ने दर्ज किया केस

इस मामले में पुलिस ने 26 फरवरी को भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच की जिम्मेदारी सहायक पुलिस निरीक्षक शैलेश शेजुल को सौंपी गई है और पूरे मामले की आगे की जांच जारी है।
 

5379487