haribhoomi hindi news
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के आठवें दिन सदन में गांवों के तालाबों की स्थिति को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। 

सदन में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल और पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार के बीच तीखी बहस हुई। भुक्कल ने सरकार पर तालाबों के सुधारीकरण में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए।

'अमृत सरोवर योजना' पर उठाए सवाल
कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने सदन में कहा कि वह तालाबों की सफाई और मरम्मत को लेकर तीन बार सवाल लगा चुकी हैं, लेकिन हर बार सरकार की ओर से एक जैसा ही रटा-रटाया जवाब मिलता है। उन्होंने 'अमृत सरोवर योजना' पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस योजना में करोड़ों रुपए खर्च किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं दिखा।

फोटो भेजने की दी चुनौती 
भुक्कल ने कड़े लहजे में कहा, "मेरे पास तालाबों की बदहाली की 68 फोटो हैं, मैं मंत्री जी को व्हाट्सएप पर सेंड कर दूंगी। अगर पैसे सही जगह लगते तो हमारे एरिया के तालाब अब तक ठीक हो जाते।" उन्होंने भावुक होते हुए याद दिलाया कि गांव के तीन बच्चे तालाब में डूब गए थे, इसके बावजूद प्रशासन और विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।

मंत्री ने दिया जवाब 'वाटर लेवल' बना बड़ी बाधा
गीता भुक्कल के आरोपों पर जवाब देते हुए मंत्री कृष्णलाल पंवार ने तकनीकी दिक्कतों का हवाला दिया।मंत्री ने बताया कि छुछकवास, बहु गांव और मोडाखेड़ा जैसे गांवों में वाटर लेवल (भूजल स्तर) काफी ऊंचा है, जिसके कारण तालाबों का काम बीच में रोकना पड़ा।पंवार ने सदन को भरोसा दिया कि सिंचाई विभाग और पंचायत विभाग मिलकर इस समस्या का तकनीकी समाधान निकालेंगे और जल्द ही काम पूरा किया जाएगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

7