Nayab Saini बोले: ईडी स्वतंत्र रूप से भ्रष्टाचारियों पर कर रही कार्रवाई, कांग्रेस 55 सालों तक महिलाओं के नाम पर करती रही राजनीति 

BJP State President Nayab Singh Saini talking to journalists in Gurugram
X
गुरुग्राम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी।
नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी करार देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में सबसे बड़ी भ्रष्ट पार्टी बनने की होड़ लगी है।

Gurugram: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में सबसे बड़ी भ्रष्ट पार्टी बनने की होड़ लगी है। उन्होंने केजरीवाल की कट्टर ईमानदारी पर तंज कसते हुए कहा कि जैसे हाथी के दांत दिखाने के और,खाने और होते हैं, केजरीवाल भी इसी कहावत को चरितार्थ करते हैं। वे बात कट्टर ईमानदार होने की करते हैं, लेकिन केजरीवाल के मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में हैं। उन्होंने कांग्रेस को बिखरी हुई पार्टी बताया। नायब सैनी गुरुग्राम में शक्ति वंदन कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

कांग्रेस ने महिलाओं के नाम पर की केवल राजनीति

प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के नाम पर सिर्फ राजनीति करती रही। 55 सालों में महिलाओं को कोई अधिकार कांग्रेस पार्टी ने नहीं दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन बिल लाकर महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनको अधिकार दिया। अब महिलाएं देश और प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा सकेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुफ्त की रेवड़ियां बांट रही है। जनता को प्रलोभन के जाल में फंसाने के मंसूबों से प्रदेश के स्ट्रक्चर को धराशायी करने में कांग्रेस जुटी है। कांग्रेस का काम सिर्फ दुष्प्रचार करना ही रह गया है। किसानों की खराब हालत कांग्रेस ने की। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट कांग्रेस ने डस्टबीन में डाल दी और रिपोर्ट को लागू नहीं किया, जबकि खुद भूपेंद्र सिंह हुड्डा आयोग के चेयरमैन थे।

कांग्रेस पूरी तरह से बिखरी हुई पार्टी

नायब सिंह सैनी ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के हितों के लिए अनेक योजनाएं बनाई। मोदी सरकार में देश और प्रदेश के किसान स्मृद्धि की और बढ़े हैं। कांग्रेस बिखर चुकी है। जिस तरह से दो धाराएं आपस में नहीं मिलती, वही हालत कांग्रेस की है। राहुल गांधी ने जब भारत जोड़ो यात्रा निकाली तो चुनाव हार गए। राहुल को अपने पूर्वजों की तरफ देखना चाहिए कि उन्होंने किस तरह से भारत को कमजोर करने का काम किया है। राहुल की न्याय यात्रा पर कहा कि इस यात्रा के बाद कांग्रेस पूरी तरह से साफ हो जाएगी। भाजपा हर चुनाव को मजबूती के साथ लड़ती है। देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी से स्नेह करती है। देश और प्रदेश की जनता नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए तैयार है।

ईडी स्वतंत्र एजेंसी है, कोई भ्रष्टाचार करेगा तो कार्रवाई होगी

नायब सैनी ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर ईडी द्वारा की जा रही कार्रवाई पर बोलते हुए कहा कि ईडी स्वतंत्र एजेंसी है। अगर कोई भ्रष्टाचार करेगा तो कार्रवाई तो होगी। कांग्रेस के समय में नौकरियों में जमकर भ्रष्टाचार होता था। सरकारी नौकरी का कांग्रेस शासनकाल में कोई सही पैमाना नहीं था। जबकि दस सालों में मनोहर सरकार ने लगभग एक लाख 10 हजार युवाओं को बिना पर्ची और खर्ची के नौकरी दी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 60 हजार युवाओं को और नौकरी देने की घोषणा की है। डबल इंजन की सरकार में युवाओं का भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ा है, जबकि पूर्व सीएम हुड्डा की सरकार में युवाओं का विश्वास सिस्टम पर से खत्म हो गया था।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story