लोकसभा चुनाव 2024: हरियाणा के नवीन जिंदल और सुशील गुप्ता, 57 सीटों के 889 प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा अमीर

Haryana Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अब तक पांच चरणों की वोटिंग हो चुकी है। अब छठे चरण के लिए 25 मई को वोटिंग होगी। छठे चरण में 8 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों की 58 लोकसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसमें 889 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। इन 889 प्रत्याशियों में हरियाणा की कुरुक्षेत्र सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार उद्योगपति नवीन जिंदल सबसे अमीर हैं। इसके अलावा सबसे अमीर उम्मीदवारों की लिस्ट में कुरुक्षेत्र सीट से ही आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुशील गुप्ता का नाम भी तीसरे नंबर पर शामिल है।
नवीन जिंदल सबसे अमीर उम्मीदवार
हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता और उद्योगपति नवीन जिंदल सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। उनके पास कुल 1241 करोड़ की संपत्ति है। जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड (JSPL) के अध्यक्ष नवीन जिंदल इससे पहले कांग्रेस में थे। इस साल मार्च में ही उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन की थी। अब वह बीजेपी की टिकट पर कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं।
2009 में कांग्रेस के टिकट पर कुरुक्षेत्र सीट जीते थे जिंदल
नवीन जिंदल ने 2009 में कांग्रेस के टिकट पर कुरुक्षेत्र सीट से चुनाव लड़ा था। इस सीट पर उन्होंने भारी मतों से जीत हासिल की थी। उन्होंने 2014 में इस सीट पर चुनाव लड़ा, लेकिन वह हार गए। इसके बाद 2019 में उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा और अब वह इस सीट पर बीजेपी की टिकट से मैदान में हैं।
सुशील गुप्ता भी अमीरों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर
चुनाव निगरानी संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक राइट्स (ADR) के अनुसार, आम आदमी पार्टी (AAP) के सुशील गुप्ता छठे चरण में तीसरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। सुशील गुप्ता के पास 169 करोड़ रुपये की संपत्ति है। सुशील गुप्ता आप के पूर्व राज्यसभा सांसद भी रहे हैं।
2013 में कांग्रेस से लड़ा था दिल्ली विधानसभा का चुनाव
सुशील गुप्ता ने 2013 में कांग्रेस की टिकट पर मोती नगर सीट से दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ा था। इस दौरान उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। गुप्ता एक जाने-माने शिक्षाविद और बिजनेसमैन हैं। दिल्ली और हरियाणा में उनके कई संस्थान हैं। इसके अलावा सुशील गुप्ता दिल्ली-एनसीआर में महाराजा अग्रसेन अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों के भी मालिक हैं। वहीं, छठे चरण में दूसरे सबसे अमीर उम्मीदवार आदित्य बिरला ग्रुप के पूर्व एचआर प्रमुख और कटक से वर्तमान बीजू जनता दल (BJD) के संतरूप मिश्रा हैं। उनके पास 461 करोड़ रुपये की संपत्ति की है।
