हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में मंगलवार की सुबह शहीद स्मृति पार्क में अज्ञात युवक का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
रस्सी के सहारे झूल रहा था शव
मंगलवार सुबह करीब 7 बजे जब कस्बे के लोग रोजाना की तरह शहीद स्मृति पार्क में टहलने के लिए पहुंचे, तो उनकी नजर बच्चों के झूले पर पड़ी। वहां एक व्यक्ति रस्सी के सहारे झूल रहा था। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना सरपंच प्रतिनिधि धर्मवीर गोठवाल को दी, जो ग्रामीणों के साथ फौरन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
पहचान की कोशिशें जारी
सूचना मिलते ही सतनाली थाना प्रभारी (SHO) टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों और आसपास के गांवों में युवक की तस्वीर दिखाकर पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान संभव नहीं हो सकी थी।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
शुरुआती जांच और हालात को देखते हुए अंदेशा जताया जा रहा कि युवक ने सोमवार की देर रात किसी समय पार्क के झूले पर रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है। पार्क जैसे सार्वजनिक स्थल को चुनने के पीछे की वजह भी पुलिस तलाश रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में ले लिया है। शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है ताकि युवक के परिजनों तक पहुंचा जा सके।









