महेंद्रगढ़ बस हादसे पर शोक की लहर: PM नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने घायल बच्चों के स्वस्थ होने की कामना की

Mahendragarh School Bus Accident
X
महेंद्रगढ़ बस हादसे पर पीएम मोदी व्यक्त किया शोक।
महेंद्रगढ़ जिले में दर्दनाक बस हादसे पर पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने घायल बच्चों के स्वस्थ होने की कामना की है। सीएम नायब सैनी ने भी प्रशासन को हर संभव सहायता पहुंचे के निर्देश दिए हैं।

Mahendragarh School Bus Accident: हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के कनीना कस्बे के नजदीक आज गुरुवार सुबह एक दर्दनाक बस हादसा हो गया। यहां एक स्कूल बस पलटने से 6 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक बच्चे घायल हैं। घायलों में कई बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें रेवाड़ी रेफर किया गया है। इस दर्दनाक घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक - पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने बच्चों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हर संभव सहायता में जुटा है।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने जताया शोक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट लिखा, 'हरियाणा के महेंद्रगढ़ में स्कूल बस का दुर्घटनाग्रस्त होना बेहद दुःखद है। मेरी संवेदनाएं मृतक बच्चों के शोक संतप्त परिजनों के साथ है। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन के द्वारा घायल बच्चों को सहायता पहुंचाई जा रही है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

सीएम नायब सैनी ने किया यह पोस्ट

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हादसे पर शोक जताते हुए एक्स पर लिखा, 'महेंद्रगढ़ के कनीना में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से आहत हूं। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने मासूम बच्चे खोए हैं। स्थानीय प्रशासन घायलों की सहायता के लिए मुस्तैद है। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

सरकार संभव मदद मुहैया कराए- दीपेंद्र हुड्डा

कांग्रेस राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी महेंद्रगढ़ दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'नारनौल के उनहानी गांव के पास हुई स्कूल बस दुर्घटना में कई बच्चों की दुःखद मृत्यु और कई बच्चों के घायल होने का समाचार सुनकर मन विचलित है।

ईश्वर से प्रार्थना है कि इस हादसे में घायल बच्चों को जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। राज्य सरकार व स्थानीय प्रशासन से अनुरोध है कि पीड़ित परिवारों एवं सभी घायलों को मुफ्त उपचार सहित हर संभव मदद मुहैया कराए। इस दुर्घटना को देखते हुए आज के अपने चुनाव प्रचार कार्यक्रम को मैं स्थगित कर रहा हूं।'

मनोहर लाल ने जताया दुख

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर लिखा, 'कनीना में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ, जिसमें कुछ बच्चों की असामयिक मृत्यु होने और कुछ के घायल होने की सूचना है। मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story