Sonipat MC Election: हरियाणा में निकाय चुनावों की सरगर्मी के बीच सोनीपत नगर निगम के लिए चुनावी बिसात बिछ चुकी है। आज कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी कमल दीवान अपना नामांकन पत्र दाखिल करने जा रहे हैं। इस मौके पर कांग्रेस भारी संख्या में समर्थकों के साथ अपनी ताकत का अहसास कराएगी। नामांकन के दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेता, सांसद और विधायक भी मौजूद रहेंगे।
धार्मिक अनुष्ठान के बाद रवाना होगा काफिला
नामांकन प्रक्रिया को खास बनाने के लिए सुबह 9:30 बजे कमल दीवान के सेक्टर-14 स्थित कार्यालय में हवन-यज्ञ किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात दीवान अपने समर्थकों के साथ कोर्ट के सामने स्थित हनुमान मंदिर पहुंचेंगे। यहाँ से कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ वे एडीसी (ADC) कार्यालय के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर करीब 11 बजे अपना पर्चा दाखिल करेंगे।
कई दिग्गजों की रहेगी मौजूदगी
कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पार्टी ने अपनी पूरी फौज उतार दी है। नामांकन के समय कमल दीवान के साथ राव, नरेंद्र (हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष), दीपेंद्र सिंह हुड्डा (सांसद, रोहतक), सतपाल ब्रह्मचारी (सांसद, सोनीपत), इन्दुराज भालू (विधायक)
सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से एडीसी कार्यालय में केवल 5 लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी, जबकि समर्थकों के काफिले को 100 मीटर पहले ही रोक दिया जाएगा।
चुनाव की महत्वपूर्ण तारीखें
- नामांकन अवधि: 21 अप्रैल से प्रक्रिया जारी।
- मतदान: 10 मई।
- परिणाम: 13 मई को मतगणना।
- बदलाव: इस बार मेयर पद का चुनाव सीधे जनता द्वारा किया जाएगा। सोनीपत में अब वार्डों की संख्या 20 से बढ़कर 22 हो गई है और कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 2.96 लाख है।
कमल दीवान ने भाजपा पर किया तीखा प्रहार
नामांकन से पूर्व कमल दीवान ने स्थानीय मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार और प्रशासन को घेरा है। उन्होंने कहा कि शहर की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। "58 करोड़ की नई नगर निगम बिल्डिंग भ्रष्टाचार का स्मारक है। शहर की जल निकासी व्यवस्था ठप है और जनता का पैसा बर्बाद किया जा रहा है। अगर जनता ने मौका दिया, तो 100 दिनों के भीतर सोनीपत की सूरत बदल दी जाएगी।"
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।









