haribhoomi hindi news
सोनीपत की दो मासूम बच्चियों के साथ दरिंदगी करने वाला दरिंदा गिरफ्तार हुआ। गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी को उनके हवाले करने की मांग की। यह शख्स बच्चियों की अपनी मुंहबोली बहन बताता था लेकिन 3 महीने तक इनके साथ रेप करता रहा।

3 महीने तक मासूम बहनों से दरिंदगी: पंजाब के लुधियाना में सोमवार रात उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब हरियाणा के सोनीपत से दो मासूम बच्चियों के अपहरण और रेप के आरोपी को लेकर पहुंची पुलिस टीम को स्थानीय लोगों ने घेर लिया। लोगों में इस कदर गुस्सा था कि उन्होंने पुलिस की गाड़ियों का रास्ता रोक दिया और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग करने लगे।

मुंहबोली बहनों के साथ 3 महीने तक की दरिंदगी
मामला बेहद संजीदा है। हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली 11 और 8 साल की दो सगी बहनें 20 जनवरी को लापता हुई थीं। पड़ोस में रहने वाला आरोपी जोगिंदर (निवासी बागपत, यूपी) उन्हें बहला-फुसलाकर लुधियाना के प्रेम नगर ले आया था। यहाँ उसने मकान मालिक और पड़ोसियों को बताया कि ये दोनों उसकी छोटी बहनें हैं। आरोपी 3 महीने तक बच्चियों को बंधक बनाकर उनका रेप करता रहा।

क्राइम सीन पर पहुंची पुलिस
सोनीपत पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर 17 अप्रैल को रेड कर बच्चियों को बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार किया था। मेडिकल रिपोर्ट में कई बार रेप की पुष्टि होने के बाद, सोमवार को पुलिस आरोपी और बच्चियों को लेकर लुधियाना के प्रेम नगर स्थित उस घर में 'क्राइम सीन' की तस्दीक के लिए पहुंची थी। जैसे ही स्थानीय लोगों को पता चला कि जिसे जोगिंदर अपनी बहन बताता था, असल में वह उनके साथ दरिंदगी कर रहा था, तो भीड़ बेकाबू हो गई। लोग पुलिस की गाड़ियों के सामने खड़े हो गए। उनका कहना था कि "ऐसे दरिंदे को जीने का हक नहीं, इसे हमारे हवाले करो, हम सजा देंगे।"

पंजाब पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला रास्ता
हालात बिगड़ते देख स्थानीय थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पंजाब पुलिस और हरियाणा पुलिस के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत किया और आरोपी को सुरक्षित वहां से निकालकर ले गए।

पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी जोगिंदर के खिलाफ अपहरण, रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल दोनों बच्चियां अपनी मां के पास सुरक्षित हैं। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घिनौनी साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7