haribhoomi hindi news
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी बेटी और नौकर के साथ मिलकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

हरियाणा के कैथल जिले में खेत से ट्रैक्टर निकालने के मामूली विवाद ने उस समय खौफनाक रूप ले लिया, जब एक पिता-पुत्री ने मिलकर अपने ही पड़ोसी पर फायरिंग कर दी। इस हमले में अपने भतीजे की ढाल बने चाचा की छाती में गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। 

रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप 
यह पूरी घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है। मृतक की पहचान स्यू माजरा गांव के निवासी गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। गुरविंदर का भतीजा सतनाम सिंह खेत में तूड़ी बनाने का काम निपटाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर घर वापस आ रहा था। जैसे ही वह नहर के समीप डेरा प्रताप सिंह के पास पहुंचा, वहां के निवासी प्रताप सिंह गिल, उसकी बेटी मन्नत गिल और उनके नौकर काला ने उसका रास्ता रोक लिया। 

विवाद बढ़ता देख चाचा को मौके पर बुलाया  
सतनाम के अनुसार आरोपियों ने दावा किया कि जिस रास्ते से वह ट्रैक्टर लेकर जा रहा है, वह सरकारी नहीं बल्कि उनकी निजी जमीन है। सतनाम ने उनसे आग्रह किया कि वह इस बार निकल जाने दें और भविष्य में इस रास्ते का उपयोग नहीं करेगा। हालांकि, आरोपी प्रताप सिंह डंडा लेकर ट्रैक्टर के आगे अड़ गया और गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ता देख सतनाम ने अपने चाचा गुरविंदर सिंह को मौके पर बुलाया। 

चाचा ने किया बीच-बचाव
गुरविंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि वे दोबारा इस रास्ते का प्रयोग नहीं करेंगे। इसके बावजूद, आरोपी प्रताप गिल का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने गुरविंदर को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। जब गुरविंदर ने अपने भतीजे को बचाने के लिए उसे एक तरफ किया, तो आरोपी ने आव देखा न ताव और अपनी बंदूक निकाल ली।

गोली लगते ही लहूलुहान होकर जमीन पर गिरे 
आरोपियों ने सतनाम को निशाना बनाते हुए तीन राउंड फायरिंग की। शुरुआती दो गोलियां सतनाम के पास से निकल गईं, लेकिन जैसे ही तीसरी गोली चली, गुरविंदर अपने भतीजे के आगे आ गए। गोली सीधे गुरविंदर की छाती में जा धंसी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद प्रताप गिल अपनी बेटी और नौकर के साथ मौके से फरार हो गया। 

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थमी सांसें 
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। गुरविंदर सिंह को आनन-फानन में गुहला के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, गोली छाती के ऊपरी हिस्से में लगी थी और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। 

आरोपियों की तलाश जारी 
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। गुहला थाना प्रभारी सनेष कुमार ने बताया कि मृतक के भतीजे सतनाम सिंह के बयान के आधार पर आरोपी प्रताप सिंह गिल, उसकी बेटी मन्नत गिल और उनके नौकर काला के खिलाफ हत्या की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। 

गांव में मातम और रोष
इस घटना के बाद स्यू माजरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि एक मामूली रास्ते के विवाद में किसी की जान ले ली गई। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा। 

7