Kaithal: बलराज नगर के सूनसान कमरे में मिला महिला का शव, मौत से पहले बचाव हेतु किया संघर्ष 

Policemen carrying the dead body from the accident site in Kaithal
X
कैथल में धटनास्थल से शव को लेकर जाते हुए पुलिसकर्मी।  
कैथल में एक खाली कमरे में महिला का शव पड़ा मिला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। महिला की गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

Kaithal: बलराज नगर उद्योग मार्ग पर मंगलवार सुबह-सुबह एक खाली पड़े कमरे में एक महिला का शव मिलने से कालोनी में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन व सी.आई.ए. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से नमूने एकत्रित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।

महिला के हाथ पर लिखा था एकता नाम

मृतक महिला के हाथ में एकता नाम लिखा हुआ है। महिला की पहचान जाखौली अड्डा कैथल पर रहने वाली महिला 31 वर्षीय सोनम के रूप में हुई। सूचना मिलते ही सोनम के परिजन व आस-पड़ोस के लोग व महिलाएं मौके पर पहुंच गए और उन्होंने शव सोनम का होने की पुष्टि की। जब पुलिस ने सोनम का शव बरामद किया तो वह संदिग्ध हालत में था और उसके कुछ कपड़े भी उतरे हुए थे। एक पैर से पाजेब भी गायब थी। पुलिस एक्सपर्ट का कहना है कि महिला ने मौत से पहले अवश्य ही संघर्ष किया होगा। वहीं इससे भी इंकार नहीं किया जा सकता कि महिला की मौत या हत्या कहीं ओर हुई हो व शव यहां फेंक दिया हो।

महिला का गला दबाकर हत्या करने की आशंका

घटनास्थल पर पहुंची फारेंसिक व साइबर एक्सपर्ट टीम ने अनुमान लगाया कि महिला की मौत गला दबाने से की गई है। उसकी हत्या से पहले उसके साथ रेप हुआ है या नहीं, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। महिला यहां सुनसान पड़े कमरे में कब, किसके साथ पहुंची और उसकी किसने हत्या की, यह जांच का विषय है। उधर परिजनों का कहना है कि सोनम सोमवार रात्रि करीब 10 बजे घर से निकली थी और वह किसके साथ गई, इसकी जानकारी नहीं है। उन्हें तो सुबह उसकी मौत की सूचना मिली।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सी.आई.ए. की टीम आसपास में लगे सी.सी.टी.वी. खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। आसपास के लोगों ने बताया कि जहां शव मिला है, वह सुनसान स्थान है, यहां पर नशेड़ी नशा करते हैं और लोग बाथरूम आते-जाते हैं। सुबह जब एक व्यक्ति बाथरूम गया तो उसे अंदर महिला का शव पड़ा मिला और उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई।&

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story